एमपी राज्यसभा उपचुनाव: हरदीप सिंह पुरी का निर्विरोध निर्वाचन तय, कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी का पर्चा खारिज
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का मध्य प्रदेश से राज्यसभा उपचुनाव में निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय हो गया है। उनके ...और पढ़ें

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संग पहुंचकर पर्चा दाखिल किया था।
HighLights
हरदीप पुरी का राज्यसभा उपचुनाव में निर्विरोध निर्वाचन तय।
उनके नामांकन पर दर्ज सभी आपत्तियां खारिज हुईं।
कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी का पर्चा निरस्त किया गया।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश से राज्यसभा की रिक्त सीट के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का निर्विरोध निर्वाचन लगभग तय हो गया है। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान उनके खिलाफ कांग्रेस समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी राजकुमार लोहानी की ओर से दर्ज कराई गईं तीनों आपत्तियों को रिटर्निंग ऑफिसर ने खारिज कर दिया। इसके साथ ही पुरी का नामांकन वैध घोषित कर दिया गया है।
दूसरी ओर, जांच में राजकुमार लोहानी और तीसरे प्रत्याशी कांते सायन्ना के नामांकन पत्र भी निरस्त कर दिए गए। अब चुनाव मैदान में केवल हरदीप सिंह पुरी ही शेष हैं। पांच नवंबर को नाम वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के बाद उनके निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
हेमंत कटारे ने शपथ पत्र पर जताई थीं तीन आपत्तियां
- स्क्रूटनी प्रक्रिया के दौरान अटेर विधायक हेमंत कटारे ने हरदीप सिंह पुरी के हलफनामे (फॉर्म 26) को लेकर तीन प्रमुख आपत्तियां दर्ज कराई थीं। कटारे ने आरोप लगाया कि केंद्रीय मंत्री ने शपथ पत्र में पत्नी के नाम का कॉलम खाली छोड़ा है। दूसरी आपत्ति विदेशी मुद्रा में संपत्ति दर्शाने को लेकर थी।
- कटारे का कहना था कि संपत्ति का ब्यौरा भारतीय रुपये के बजाय डॉलर और स्विस फ्रैंक में दिया गया है और जेनेवा स्थित संपत्ति व विदेशी खातों की विनिमय दर स्पष्ट नहीं की गई।
- वहीं तीसरी आपत्ति नोटरी एक्ट के उल्लंघन को लेकर थी, जिसमें दावा किया गया कि हलफनामा नोटरी के समक्ष उपस्थित होकर विधिवत सत्यापित नहीं कराया गया।
इन आपत्तियों के निराकरण के लिए रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय में विशेष बैठक बुलाई गई, जहां लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और भाजपा प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी के साथ कांग्रेस विधायक भी मौजूद रहे।
रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष आपत्तियां टिक नहीं सकीं
रिटर्निंग ऑफिसर ने इन सभी आपत्तियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट करने का समय दिया, जिसके बाद भाजपा पक्ष की ओर से प्रस्तुत जवाब और दस्तावेजों को वैध मानते हुए हरदीप सिंह पुरी का नामांकन सही पाया गया। दूसरी ओर, कांग्रेस समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार राजकुमार लोहानी का नामांकन पत्र अनिवार्य फॉर्म 26 संलग्न न होने के कारण स्क्रूटनी में निरस्त कर दिया। इसके अलावा तीसरे प्रत्याशी कांते सायन्ना का पर्चा भी कमियों के चलते खारिज हो गया। केवल एक ही वैध प्रत्याशी शेष रहने से केंद्रीय मंत्री का उच्च सदन पहुंचना सुनिश्चित हो गया है।