MP TET 2026 का शेड्यूल जारी, 21 अगस्त से शुरू होंगे आवेदन; डेढ़ लाख शिक्षकों के लिए परीक्षा की तारीख तय
मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने करीब डेढ़ लाख शिक्षकों के लिए TET 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसकी परीक्षा 12 अक्टूबर से शुरू होगी। ऑनलाइन आवेदन 21 अगस्त 2026 से 4 सितंबर तक किए जा सकेंगे, जिसमें न्यूनतम अर्हता अंक और कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
TET 2026 परीक्षा 12 अक्टूबर से होगी शुरू।
ऑनलाइन आवेदन 21 अगस्त से 4 सितंबर तक।
डेढ़ लाख शिक्षकों को 2028 तक TET पास करना अनिवार्य।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में कार्यरत करीब डेढ़ लाख शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ESB) ने प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में सेवारत शिक्षकों के लिए विस्तृत नियम पुस्तिका जारी की है। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक TET 2026 की परीक्षा 12 अक्टूबर से शुरू होगी।
जल्द शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
पात्र शिक्षक 21 अगस्त 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 4 सितंबर तय की गई है। आवेदन में किसी तरह की गलती होने पर अभ्यर्थी 21 अगस्त से 9 सितंबर तक संशोधन कर सकेंगे।
परीक्षा शुल्क व अन्य जरूरी जानकारी
ESB ने परीक्षा शुल्क और आवेदन प्रक्रिया से जुड़े शुल्क भी निर्धारित कर दिए हैं।
- परीक्षा शुल्क: प्रत्येक प्रश्न-पत्र के लिए सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को 1,000 रुपये।
- एमपी ऑनलाइन कियोस्क: आवेदन करने पर 60 रुपये अतिरिक्त कियोस्क शुल्क।
- स्वयं ऑनलाइन आवेदन: रजिस्टर्ड सिटीजन यूजर लॉगिन से आवेदन करने पर 20 रुपये पोर्टल शुल्क।
- आवेदन संशोधन: पहले चरण में सुधार के लिए 20 रुपये और अंतिम चरण में संशोधन के लिए 40 रुपये शुल्क।
150 प्रश्न, नहीं होगी नेगेटिव मार्किंग
प्राथमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और कुल 150 अंक होंगे। अभ्यर्थियों को पेपर हल करने के लिए 2 घंटे 30 मिनट का समय मिलेगा। परीक्षा में गलत उत्तर के लिए अंक नहीं काटे जाएंगे।
माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा में भी प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा और परीक्षा अवधि 2 घंटे 30 मिनट रहेगी। इसमें भी ऋणात्मक मूल्यांकन यानी नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी।
अर्हता के लिए न्यूनतम इतने अंक
TET में न्यूनतम अर्हता के लिए वर्गवार अंक निर्धारित किए गए हैं। SC, ST, OBC, EWS और दिव्यांगजन अभ्यर्थियों को कम से कम 50 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे, जबकि सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक जरूरी होंगे।
यह भी पढ़ें- माता-पिता को खो चुके बच्चों की फीस माफ, MP बोर्ड ने 10वीं-12वीं व डीएलएड के विद्यार्थियों को दी बड़ी राहत
इन शिक्षकों के लिए TET पास करना जरूरी
ESB की नियम पुस्तिका के अनुसार प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत विभिन्न श्रेणियों के शिक्षकों को पात्रता परीक्षा में शामिल होना होगा। इनमें सहायक शिक्षक, प्राथमिक शिक्षक, संविदा शाला शिक्षक (वर्ग-3), सहायक अध्यापक, प्रयोगशाला सहायक और प्राथमिक शिक्षक विज्ञान श्रेणी के शिक्षक शामिल हैं।
सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार संबंधित सेवारत शिक्षकों के लिए 31 अगस्त 2028 तक TET उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया है। ऐसे में 2026 की परीक्षा उन शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है, जिन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पात्रता हासिल करनी है।
