Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    MP में दूषित पानी और जन समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरेगी युवा कांग्रेस, इंदौर से कल शुरू होगी ‘जन अधिकार न्याय पदयात्रा’

    Updated: Tue, 27 Jan 2026 02:49 PM (IST)

    मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस दूषित जल आपूर्ति और जन समस्याओं के खिलाफ बुधवार से 'जन अधिकार न्याय पदयात्रा' शुरू कर रही है। इंदौर से शुरू होकर यह पदयात्रा ...और पढ़ें

    भोपाल में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते मप्र युवा कांग्रेस अध्यक्ष  यश घनघोरिया व अन्य।

    भोपाल में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते मप्र युवा कांग्रेस अध्यक्ष  यश घनघोरिया व अन्य।

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    डिजिटल डेस्क, भोपाल। दूषित जल आपूर्ति सहित विभिन्न जन समस्याओं को लेकर मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस बुधवार से ‘जन अधिकार न्याय पदयात्रा’ की शुरुआत करने जा रही है। यह पदयात्रा इंदौर से प्रारंभ होकर 5 फरवरी तक जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से इसे प्रदेश के अन्य जिलों में भी निकाला जाएगा।

    इंदौर जल त्रासदी सरकारी लापरवाही का नमूना

    प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया ने मंगलवार को भोपाल में पदयात्रा की घोषणा करते हुए कहा कि इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित जल आपूर्ति से हुई मौतें सरकार के कुप्रशासन का ज्वलंत उदाहरण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह हादसा नहीं बल्कि सरकारी लापरवाही से हुई “हत्या” है। घनघोरिया ने कहा कि मृतकों के परिजनों को मात्र दो लाख रुपये का मुआवजा देकर सरकार अन्याय कर रही है।

    एक करोड़ रुपये मुआवजे की मांग

    युवा कांग्रेस की मांग है कि प्रत्येक पीड़ित परिवार को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए और पूरे मामले की जांच सेवानिवृत्त न्यायाधीश से कराई जाए। उन्होंने बताया कि इंदौर के बाद महू में भी दूषित जल आपूर्ति के मामले सामने आए हैं। इससे पहले छिंदवाड़ा में कफ सिरप से बच्चों की मौत का मामला भी सरकार की विफलता को उजागर करता है।

    जनसमस्याओं पर फोकस

    घनघोरिया ने कहा कि पदयात्रा के दौरान बिजली, पानी, महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और अन्य स्थानीय जन समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। युवा कांग्रेस का उद्देश्य आम जनता की आवाज को सड़क से सदन तक पहुंचाना और सरकार को जवाबदेह बनाना है।

    खबरें और भी

    दूषित पानी से 28 लोगों की गई जान

    गौरतलब है कि इंदौर में दूषित पानी से अब तक 28 लोगों की जान जा चुकी है। भागीरथपुरा निवासी रिटायर्ड शिक्षक और कांग्रेस के वार्ड अध्यक्ष राजाराम बौरासी (75) की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई थी। लगातार बढ़ रही मौतों और अस्पतालों में भर्ती मरीजों की संख्या ने स्वास्थ्य व्यवस्था और प्रशासन की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

    यह भी पढ़ें- प्रेम विवाह किया तो परिवार का भी 'हुक्का-पानी' बंद... रतलाम के गांव का तुगलकी फरमान, Viral Video के बाद जागा प्रशासन, जांच के आदेश

    अस्पतालों में 10 मरीज भर्ती

    इंदौर में फिलहाल दूषित पानी से बीमार 10 लोग सरकारी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से 4 मरीज आईसीयू में हैं। इनमें एक महिला और एक पुरुष की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ाने का दावा कर रही हैं।