विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MPPSC ने जारी की वन सेवा मुख्य परीक्षा की फाइनल आंसर-की, जल्द घोषित होगा परिणाम

Published: Mon, 19 Oct 2026 06:30 PM (IST)

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग ने राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा-2026 की अंतिम उत्तरकुंजी जारी कर दी है। अब 15 ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. MPPSC ने वन सेवा मुख्य परीक्षा की अंतिम उत्तरकुंजी जारी की।

  2. परीक्षा परिणाम 15 दिनों के भीतर आने की संभावना है।

  3. ओबीसी आरक्षण पर हाई कोर्ट के फैसले पर भी होगी चर्चा।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा-2026 की अंतिम उत्तरकुंजी जारी कर दी है। इसके साथ ही परीक्षा परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। अब आयोग अभ्यर्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर परिणाम तैयार करेगा। इसके लिए 15 दिन का समय निर्धारित किया गया है। हालांकि, परिणाम जारी करने से पहले अधिकारियों की बैठक होगी, जिसमें लंबित परीक्षाओं के नतीजों और ओबीसी आरक्षण पर हाई कोर्ट के फैसले के बाद बनी स्थिति पर भी विचार किया जाएगा।

राज्य वन सेवा परीक्षा के जरिए प्रदेश में कुल 36 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं। इनमें सहायक वन संरक्षक के छह और वन क्षेत्रपाल के 30 पद शामिल हैं। ऐसे में मुख्य परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों की नजर अब परिणाम पर टिकी है।

दो सवालों पर आई थीं आपत्तियां 

राज्य वन सेवा प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी। इसमें तीन हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम के आधार पर 783 उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया। इनमें 741 अभ्यर्थी मुख्य श्रेणी और 42 अभ्यर्थी प्रावधिक श्रेणी में रखे गए थे।

मुख्य परीक्षा 27 सितंबर को आयोजित हुई थी। परीक्षा के दो दिन बाद आयोग ने प्रावधिक उत्तरकुंजी जारी कर अभ्यर्थियों से पांच दिन के भीतर आपत्तियां आमंत्रित की थीं। इस दौरान दो प्रश्नों के उत्तर को लेकर आपत्तियां प्राप्त हुईं। आयोग की विशेषज्ञ समिति ने इनकी जांच की, जिसके बाद अंतिम उत्तरकुंजी जारी कर दी गई।

यह भी पढ़ें- भोपाल में बदसलूकी करने वाले TI विरोध में आदिवासी छात्रों का उग्र प्रदर्शन, FIR की मांग; महिला कार्यकर्ता ने पुलिसकर्मी को जड़ा थप्पड़

मूल्यांकन के बाद आएगा परिणाम

अंतिम उत्तरकुंजी जारी होने के बाद अब उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन और परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। आयोग ने इसके लिए 15 दिन का समय निर्धारित किया है। हालांकि, परिणाम की औपचारिक घोषणा से पहले अधिकारियों की बैठक में अन्य लंबित परिणामों और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

ओबीसी आरक्षण पर हाई कोर्ट के फैसले पर भी होगी चर्चा

मध्य प्रदेश में ओबीसी आरक्षण को लेकर हाई कोर्ट के फैसले के बाद भर्ती परीक्षाओं के परिणामों पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर आयोग स्तर पर भी विचार किया जाना है। राज्य वन सेवा मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित करने से पहले होने वाली बैठक में इस पहलू पर चर्चा होगी। इसके बाद परिणाम जारी करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।