विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पचमढ़ी में 150 फीट गहरी खाई में गिरकर नागपुर के पर्यटक की मौत, बंदर से बैग बचाने की कोशिश में हुआ हादसा

Published: Fri, 06 Nov 2026 08:09 PM (IST)

पचमढ़ी के प्रियदर्शिनी व्यू प्वाइंट पर एक पर्यटक की 150 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। नागपुर ...और पढ़ें

नर्मदापुरम जिले के हिल स्टेशन पचमढ़ी में रेलिंग से नीचे गिरे पर्यटक के शव को बाहर लाते लोग। (फोटो- जागरण)

नर्मदापुरम जिले के हिल स्टेशन पचमढ़ी में रेलिंग से नीचे गिरे पर्यटक के शव को बाहर लाते लोग। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. पचमढ़ी में बंदर से बैग बचाते समय पर्यटक गहरी खाई में गिरा।

  2. नागपुर के शिक्षक विजय नायक की 150 फीट खाई में गिरकर मौत।

  3. हादसे के बाद पचमढ़ी में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे।

डिजिटल डेस्क, नर्मदापुरम। प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में एक बंदर से बैग बचाने की कोशिश पर्यटक की जान पर भारी पड़ गई। प्रियदर्शिनी व्यू प्वाइंट पर शुक्रवार सुबह बंदर के साथ हुई छीनाझपटी के दौरान संतुलन बिगड़ने से नागपुर निवासी शिक्षक विजय नायक करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में उनकी मौत हो गई। वह अपने स्कूल के 20 बच्चों के समूह के साथ पचमढ़ी घूमने आए थे। उनके पिता भी इस यात्रा में साथ थे।

फोटो खिंचवाते समय बंदर ने झपटा बैग

जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 6:45 बजे हुआ। विजय नायक प्रियदर्शिनी व्यू प्वाइंट पर फोटो खिंचवा रहे थे। इसी दौरान एक बंदर ने उनका बैग छीनने की कोशिश की। बैग बचाने के लिए विजय बंदर के पीछे बढ़े और उसे वापस लेने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह सुरक्षा रेलिंग पार कर गहरी खाई में जा गिरे। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्कूली बच्चों ने पुलिस को बताई घटना

नागपुर से आए 20 स्कूली बच्चों के समूह के साथ मौजूद शिक्षिका ने पुलिस को बताया कि सभी लोग सुबह घूमने के लिए सनराइज प्वाइंट पहुंचे थे। इसी दौरान एक बंदर ने सामान पर झपट्टा मारकर बैग छीन लिया। साथी शिक्षक विजय नायक बैग वापस लेने के लिए आगे बढ़े। बंदर से बैग छीनने की कोशिश के दौरान उनका पैर फिसला और वह खाई में गिर गए।

तीन घंटे चला रेस्क्यू अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। करीब 150 फीट गहरी खाई में गिरे विजय का शव निकालने के लिए लगभग तीन घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया, जिसके बाद परिजन उसे लेकर नागपुर रवाना हो गए।

यह भी पढ़ें- नर्मदापुरम: गर्भवती पत्नी की डिलीवरी को लेकर विवाद, नशे में बेटे ने मां और सौतेले पिता को जलती लकड़ी से पीट-पीटकर मार डाला

कमजोर रेलिंग और बंदरों के आतंक पर उठे सवाल

इस हादसे के बाद पचमढ़ी के प्रमुख पर्यटन स्थल प्रियदर्शिनी प्वाइंट पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और पर्यटकों का कहना है कि व्यू प्वाइंट पर लगी रेलिंग कमजोर है और यहां बंदरों का भी काफी आतंक रहता है। लोगों ने पर्यटकों की सुरक्षा के लिए मजबूत रेलिंग लगाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग की है।

हादसा सुबह हुआ। जानकारी मिलने के बाद टीम के सदस्य खाई में उतरे। लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर लाया जा सका। बाद में पोस्टमार्टम कर शव को स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
- गोपाल घासले, थाना प्रभारी, पचमढ़ी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।