'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान...' गाने वाले सुनील लोधी की आंखों का इलाज शुरू, मुख्यमंत्री भी कर चुके मदद का ऐलान
लोकगायक सुनील लोधी, जो 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान...' भजन से प्रसिद्ध हुए, की आंखों का इलाज शुरू हो गया ...और पढ़ें

दृष्टिबाधित लोकगायक सुनील लोधी की आंखों का इलाज शुरू हो गया है।
HighLights
लोकगायक सुनील लोधी की आंखों का इलाज हुआ शुरू।
'हनुमान अंश' भजन से मिली थी देशभर में पहचान।
फिल्म निर्माता ने की सुनील की आंखों का इलाज करवाने की पहल।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। फिल्म 'हनुमान अंश' के लोकप्रिय भजन 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान...' से देशभर में पहचान बनाने वाले मध्य प्रदेश के सागर जिले के लोकगायक सुनील लोधी की जिंदगी में नई उम्मीद जगी है। उनकी आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो गई है। खुद सुनील ने इंटरनेट मीडिया पर इलाज से जुड़े फोटो और वीडियो साझा कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा कि अब उन्हें लोगों की दुआओं और आशीर्वाद की जरूरत है, ताकि उनकी आंखों की रोशनी वापस लौट सके।
सुनील लोधी के गाने ने फिल्म 'हनुमान अंश' की सफलता के साथ उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई थी। उनकी आवाज और संघर्ष की कहानी सामने आने के बाद कई लोग मदद के लिए आगे आए। फिल्म की निर्माता अनुप्रिया नागर ने उनके उपचार की जिम्मेदारी उठाने की पहल की है। इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी सुनील के इलाज की जिम्मेदारी लेने की बात कह चुके हैं।
इलाज के वीडियो साझा कर मांगी लोगों से दुआ
सुनील लोधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर आंखों के उपचार की प्रक्रिया से जुड़े फोटो और वीडियो पोस्ट किए हैं। इसके साथ उन्होंने अपनी भावनाएं साझा करते हुए लिखा कि भगवान ने अब तक हर मुश्किल में उनका साथ दिया है और हौसला बनाए रखा है। अब आंखों के इलाज की शुरुआत के साथ उनके मन में एक बार फिर नई उम्मीद जगी है।
उन्होंने प्रार्थना की कि ईश्वर उनके जीवन में रोशनी वापस लौटा दें, ताकि वे अपनी आंखों से इस खूबसूरत दुनिया को देख सकें।
माता-पिता का इंतजार पूरा होने की उम्मीद
सुनील ने अपनी पोस्ट में माता-पिता का जिक्र करते हुए लिखा कि उनकी सबसे बड़ी इच्छा है कि उनके माता-पिता का वर्षों पुराना इंतजार पूरा हो। उन्होंने सभी से भावुक अपील की कि उनके लिए सच्चे दिल से प्रार्थना करें। लोगों का प्यार और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में ईश्वर से बस एक ही गुहार लगाई- अब आंखों की रोशनी वापस लौटा दीजिए। सुनील की इस भावुक अपील के बाद उनके प्रशंसक और इंटरनेट मीडिया यूजर्स उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।