विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 03, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

एमपी के देवास में पकड़ा गया नकली नोट का कारखाना, 15.21 लाख की नकली करंसी बरामद; पांच गिरफ्तार

Published: Tue, 03 Jun 2025 04:30 AM (IST)

देवास के सोनकच्छ में नकली नोटों का कारखाना पकड़ा गया जहाँ से 15.21 लाख रुपये की नकली करंसी कच्चा माल ...और पढ़ें

एमपी के देवास में पकड़ा गया नकली नोट का कारखाना। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
एमपी के देवास में पकड़ा गया नकली नोट का कारखाना। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

जेएनएन, देवास। मध्य प्रदेश में देवास के सोनकच्छ थाना क्षेत्र में नकली नोटों का कारखाना पकड़ा गया और वहां से 15.21 लाख की नकली करंसी के साथ नोट बनाने का कच्चा माल और कलर प्रिंटर आदि बरामद किए गए।

पुलिस ने नकली नोट बनाने और उन्हें बाजार में खपाने वाले पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। वे गिरोह के रूप में नकली नोट बनाने और खपाने का काम कर रहे थे। बता दें कि देवास में सरकारी बैंक नोट प्रेस भी है।

पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लिया

पुलिस के अनुसार, आरोपित इंदौर से कागज लेकर आते थे और कलर प्रिंटर की मदद से नकली नोट छापते थे। तीन माह से वे इस धंधे में लगे थे। नोट खपाने के लिए खरीदार ढूंढने के दौरान पुलिस तक सूचना पहुंच गई और मामले का राजफाश हो गया। आरोपितों ने नोट चलाने के लिए जिन लोगों को दिए, उनसे करीब दो लाख रुपये के नोटों की जब्ती अभी बाकी है। पुलिस ने सभी आरोपितों को पूछताछ के लिए तीन दिनों के रिमांड पर लिया है।

पुलिस ने मुख्य आरोपी को भेजा जेल

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने बताया कि हाईटेक उपकरणों से नकली नोट बनाने की योजना मुख्य आरोपित सुनील पाटिल ने जेल में तैयार किया था। वह इसके पहले नकली नोट के मामले में ही गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ खंडवा, इंदौर, वडोदरा (गुजरात), एसटीएफ भोपाल और एसटीएफ उज्जैन में भी प्रकरण दर्ज हैं।

500 के नकली नोटों की गड्डियां बरामद

पुलिस ने पहले आरोपित सचिन नागर एवं शुभम वर्मा को एक लाख 96 हजार 200 रुपये के नकली नोटों के साथ पकड़ा। उन्होंने बताया कि एक और आरोपित राजकुमार मालवीय के खेड़ाखजूरिया गांव स्थित घर पर नोट तैयार किए जाते हैं। वहां छापा मारा गया तो राजकुमार नकली नोट तैयार करते पकड़ा गया। मुख्य आरोपित सुनील पाटिल के साथ ही एक और आरोपित शक्ति सिंह भी पुलिस के हाथ लग गया। इन दोनों के पास से 13 लाख 25 हजार के 500 के नकली नोटों की गड्डियां मिलीं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।