विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्वालियर में लोन का झांसा देकर 23 लाख की ठगी, परेशान युवक ने ट्रेन से कटकर दी जान; सुसाइड नोट में सिंधिया से लगाई न्याय की गुहार

Published: Mon, 03 Aug 2026 03:35 PM (IST)

ग्वालियर में 23 लाख रुपये की लोन धोखाधड़ी से परेशान एक युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक ने सुसाइड नोट ...और पढ़ें

युवक ने ट्रेन से कटकर दी जान (इनसेट- मृतक युवक)

युवक ने ट्रेन से कटकर दी जान (इनसेट- मृतक युवक)

HighLights

  1. ग्वालियर में लोन धोखाधड़ी से परेशान युवक ने की आत्महत्या।

  2. मृतक ने सुसाइड नोट में तीन लोगों पर लगाए आरोप।

  3. केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से न्याय की गुहार।

डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। प्रदेश के ग्वालियर में लोन दिलाने के नाम पर 23 लाख रुपये की ठगी से परेशान एक युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान जसपाल सिंह यादव के रूप में हुई है। पुलिस को उसके पास से पांच पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें तीन लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया गया है। युवक ने अपनी मौत के लिए इन्हीं लोगों को जिम्मेदार ठहराते हुए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से न्याय की गुहार लगाई है।

शनिवार से लापता था युवक

पुलिस के मुताबिक जसपाल सिंह शनिवार से लापता था। रविवार देर रात झांसी रोड थाना क्षेत्र की रेलवे लाइन पर उसका शव मिला। सोमवार सुबह परिजनों ने शव की पहचान की। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच के दौरान मिले सुसाइड नोट को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच में शामिल कर लिया है।

3.45 करोड़ रुपये के लोन का दिखाया था सपना

सुसाइड नोट में जसपाल ने आरोप लगाया है कि आरोपितों ने उसे बताया था कि करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत की उसकी जमीन पर 3.45 करोड़ रुपये का बैंक लोन स्वीकृत हो चुका है। इसके लिए कथित बैंक स्वीकृति पत्र भी दिखाया गया। लोन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के नाम पर उससे करीब 23 लाख रुपये लिए गए।

जसपाल के मुताबिक फरवरी 2025 से जुलाई 2026 तक उसे लगातार लोन मिलने का भरोसा दिया जाता रहा, लेकिन न तो लोन मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई।

बाइक, कार और सोना गिरवी रख जुटाए थे पैसे

सुसाइड नोट में युवक ने लिखा है कि 23 लाख रुपये की व्यवस्था करने के लिए उसने बुलेट बाइक, कार, सफारी वाहन और सोना तक गिरवी रखा। इसके अलावा उसने ऊंची ब्याज दर पर भी रकम उधार ली। करीब 20 प्रतिशत ब्याज के चलते उसकी देनदारी बढ़कर लगभग 35 लाख रुपये हो गई थी।

आर्थिक संकट और लगातार बढ़ते कर्ज के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था। नोट में उसने इन्हीं परिस्थितियों को अपनी मौत की वजह बताया है।

तीन लोगों के नाम और मोबाइल नंबर लिखे

सुसाइड नोट में आशीष गुप्ता, डबरा निवासी रवि जाटव और टेकनपुर निवासी रवि कुमार के नाम दर्ज हैं। जसपाल ने आरोप लगाया है कि इन लोगों ने उसके साथ धोखाधड़ी की और कई अन्य लोगों को भी इसी तरह कथित तौर पर ठगी का शिकार बनाया है। नोट में आरोपितों के मोबाइल नंबर समेत अन्य जानकारियां भी लिखी गई हैं।

सिंधिया से की पिता को रकम वापस दिलाने की अपील

सुसाइड नोट के अंतिम हिस्से में जसपाल ने लिखा कि वह अपनी जान नहीं देना चाहता था, लेकिन कथित धोखाधड़ी के बाद आर्थिक रूप से बर्बाद हो गया और बढ़ते मानसिक दबाव को सहन नहीं कर सका। उसने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से अपने पिता को रकम वापस दिलाने और मुख्य आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

यह भी पढ़ें- ग्वालियर आईजी अरविंद सक्सेना को मिली यादगार विदाई, आरक्षक ने दांतों से खींची गाड़ी; देखकर हैरान रह गए अधिकारी

हैंडराइटिंग से लेकर आरोपों तक की जांच

पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग और उसमें लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। नोट में दर्ज नामों, मोबाइल नंबरों और अन्य तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है