ग्वालियर: कोचिंग जा रही छात्रा से बाइक सवारों ने की छेड़छाड़, विरोध करने पर पीटा; एक आरोपी गिरफ्तार
ग्वालियर के भितरवार में कोचिंग से जा रही दो छात्राओं को बाइक सवार बदमाशों ने रोका और उनके साथ छेड़छाड़ ...और पढ़ें
HighLights
ग्वालियर में कोचिंग छात्राओं से बाइक सवारों ने की छेड़छाड़।
विरोध करने पर छात्राओं के साथ सरेराह मारपीट की गई।
घटना का सीसीटीवी वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के भितरवार कमला स्कूल रोड पर दिनदहाड़े कोचिंग क्लास जा रही दो छात्राओं को बाइक सवार बदमाशों ने बीच रास्ते में रोक लिया। जब लड़कियों ने विरोध किया, तो मनचलों ने उनके साथ सरेराह मारपीट शुरू कर दी। यह पूरी शर्मनाक वाकया सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
यह घटना सोमवार दोपहर की है। दोनों छात्राएं जब घर लौट रही थीं, तभी स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और उनके साथ छेड़छाड़ करने लगे। जब छात्राओं ने इस हरकत का विरोध किया, तो युवकों ने उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि जब छात्राएं आगे बढ़ती हैं, तो युवक बाइक से उनका पीछा करते हैं और दोबारा उनके साथ वही हरकत करते हैं। हमले के बाद दोनों आरोपी अपनी बाइक से मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस की जांच शुरू
सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। भितरवार पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों की पहचान करने और उनकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी है। वही, एक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एसडीओपी गगन हनमत ने बताया कि पुलिस के पास हमले का सीसीटीवी फुटेज मौजूद है। उन्होंने कहा कि इसी वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक किसी भी छात्रा या उनके परिवार वाले ने पुलिस में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है।
स्थानीय नेता ने दी विरोध प्रदर्शन की चेतावनी
भितरवार नगर परिषद के उपाध्यक्ष मन्नू यादव ने छात्राओं के साथ हुई इस घटना पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भितरवार में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां काफी बढ़ गई हैं और छात्राओं के साथ ऐसी घटनाएं होना एक गंभीर चिंता का विषय है।
मन्नू यादव ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है और चेतावनी दी है कि यदि उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश:पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा की आईपीएस नरेंद्र रावत पर अशोभनीय टिप्पणी, एसोसिएशन ने जताई आपत्ति
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश: टीकमगढ़ में नियमों की उड़ीं धज्जियां, अस्पताल के रैंप पर भाजपा नेता ने दौड़ाई ई-स्कूटी
