मुरैना में दर्दनाक हादसा: कचरा वाहन से टकराकर हाईवे पर गिरे चार लोग, ट्रक ने कुचला; देवर-भाभी और दो बच्चों की मौत
मुरैना के नूराबाद में एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। बाइक सवार कचरा वाहन से ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
नूराबाद में भीषण सड़क हादसे में चार जिंदगियां खत्म।
बाइक कचरा वाहन से टकराई, फिर ट्रक ने कुचला।
देवर-भाभी और दो बच्चों की मौके पर मौत।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। मुरैना जिले के नूराबाद थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने चार जिंदगियां छीन लीं। जेके टायर फैक्ट्री के पास बाइक कचरा वाहन से टकराने के बाद हाईवे पर जा गिरी। बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिरे ही थे कि पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में देवर-भाभी और दो बच्चों की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
रामायण पाठ में शामिल होने जा रहे थे चारों
पुलिस के अनुसार लोहगढ़ ग्राम पंचायत के भोजा का पुरा निवासी नीरज अपने परिवार के साथ ग्वालियर के देहपुरा स्थित मामा के घर आयोजित रामायण पाठ में शामिल होने जा रही थीं। उनके साथ देवर सूरज (18), छोटी बहन राजकुमारी (8) और चाचा का बेटा श्रीकांत (10) भी बाइक पर सवार थे। बाइक सूरज चला रहा था।
गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे चारों जेके टायर प्लांट के मुख्य गेट से कुछ आगे पहुंचे थे। इसी दौरान हाईवे किनारे चल रहे कचरा वाहन के चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया। वाहन के तिरछा होने से बाइक उससे टकरा गई और चारों सवार असंतुलित होकर हाईवे पर जा गिरे।
सड़क पर गिरे, तभी आया तेज रफ्तार ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक के गिरते ही चारों लोग हाईवे पर बिखर गए। इसी दौरान मुरैना की ओर से तेज रफ्तार ट्रक आया और सड़क पर गिरे चारों लोगों को कुचलते हुए निकल गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने या सड़क से हटने का मौका नहीं मिला।
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए नूराबाद अस्पताल भेजा।
यह भी पढ़ें- जुड़वा बेटियां जन्मीं तो पति ने पत्नी पर चाकू से किए वार, वार्ड में मची चीख-पुकार... ग्वालियर KRH में खौफनाक वारदात
आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर लगाया जाम
चार लोगों की मौत से आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर हंगामा करते हुए कुछ देर के लिए जाम लगा दिया। पोस्टमार्टम के लिए शव अस्पताल पहुंचने के बाद वहां भी बड़ी संख्या में लोग जुट गए और आरोपित ट्रक चालक को जल्द पकड़ने की मांग की।
नूराबाद थाना प्रभारी सौरभ पुरी ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। ट्रक की पहचान और चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
