बड़वानी में सड़क पर जेन-अल्फा: एकलव्य स्कूल के 225 छात्र-छात्राएं कलेक्टर से मिलने 15 किमी पैदल चले, प्रशासन के फूले हाथ-पांव
बड़वानी जिले में एकलव्य आवासीय विद्यालय जामली के 225 से अधिक छात्र-छात्राएं स्कूल और छात्रावास में मूलभूत सुविधाओं की कमी ...और पढ़ें

छात्र-छात्राओं का पैदल मार्च। (फोटो- जागरण)
HighLights
एकलव्य आवासीय स्कूल के 225 से अधिक छात्रों का 15 किमी पैदल मार्च।
स्कूल-छात्रावास में मूलभूत सुविधाओं की कमी, स्टाफ पर अभद्रता का आरोप।
कलेक्टर-एसपी ने सुनी समस्याएँ, समाधान का आश्वासन, छात्रों की चेतावनी।
डिजिटल डेस्क, बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में एकलव्य शासकीय आवासीय विद्यालय जामली के छात्र-छात्राओं का आक्रोश सोमवार को सड़क पर नजर आया। स्कूल और छात्रावास में मूलभूत सुविधाओं की कमी तथा स्टाफ के कथित अभद्र व्यवहार से नाराज 225 से अधिक विद्यार्थी करीब 15 किलोमीटर पैदल मार्च करते हुए कलेक्टर से मिलने बड़वानी के लिए निकल पड़े। विद्यार्थियों ने रास्ते में नारेबाजी की। प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें रोककर बसों से ले जाने की कोशिश की, लेकिन विद्यार्थियों ने साफ कह दिया कि वे कलेक्टर से सीधे मिलकर ही अपनी समस्याएं बताएंगे।
जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। सेंधवा एसडीएम आशीष और एसडीओपी अजय वाघमारे सहित स्कूल के प्राचार्य और स्टाफ विद्यार्थियों को समझाने के लिए उनके पीछे चलते रहे। तीन बसें भी मौके पर लगाई गईं, लेकिन विद्यार्थी बस में बैठने के लिए तैयार नहीं हुए। बसें उनके पीछे-पीछे चलती रहीं और अधिकारी लगातार उन्हें समझाने का प्रयास करते रहे।
प्राचार्य और स्टाफ ने भी की मनाने की कोशिश
विद्यार्थियों के पैदल मार्च की सूचना मिलते ही स्कूल के प्राचार्य अजीत सिंह और अन्य स्टाफ भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों से बस में बैठकर अधिकारियों से चर्चा करने की अपील की, लेकिन छात्र-छात्राएं अपनी मांग पर अड़े रहे। जिला पंचायत सदस्य राजकला सोलंकी और कुछ जयस कार्यकर्ताओं ने भी विद्यार्थियों को समझाने की कोशिश की, मगर वे पैदल ही आगे बढ़ते रहे।
अधीक्षक और क्लास टीचर पर लगाए आरोप
विद्यार्थियों ने छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर भी नाराजगी जताई। कुछ छात्राओं ने बताया कि छात्रावास अधीक्षक का व्यवहार ठीक नहीं है और उनके साथ अभद्रता की जाती है। क्लास टीचर के व्यवहार को लेकर भी छात्राओं ने शिकायत की। हालांकि, विद्यार्थियों ने कहा कि वे अपनी पूरी समस्या कलेक्टर के सामने ही रखना चाहते हैं।

कलेक्टर-एसपी ने सुनी विद्यार्थियों की बात
विद्यार्थियों के जुलवानिया तक पहुंचने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर जयति सिंह और एसपी पद्मविलोचन शुक्ल मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। इसके बाद विद्यार्थियों को बसों से वापस स्कूल भेजा गया।
यह भी पढ़ें- गुना में तारपीन से भरा टैंकर पलटा, तेल समझ बाल्टी-कैन लेकर लूटने जुटे ग्रामीण; पुलिस ने खदेड़ा
बताया गया कि जामली के एकलव्य आवासीय स्कूल में करीब 450 विद्यार्थी दर्ज हैं, जिनमें से 225 से अधिक छात्र-छात्राएं इस पैदल मार्च में शामिल हुए। अधिकारियों के आश्वासन के बाद विद्यार्थी लौट तो गए, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे।
