विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP के सांवेर में जर्जर इमारत बनी काल: दीवार ढहने से 4 महिला श्रमिकों की मौत, 3 घायल

Published: Wed, 16 Sep 2026 06:30 PM (IST)Updated: Wed, 16 Sep 2026 06:39 PM (IST)

इंदौर के सांवेर में एक जर्जर इमारत को तोड़ने के दौरान दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सांवेर में जर्जर इमारत तोड़ने के दौरान हादसा हुआ।

  2. दीवार ढहने से चार महिला श्रमिकों की दुखद मौत हुई।

  3. तीन अन्य श्रमिक गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के सांवेर कस्बे में बुधवार शाम जर्जर इमारत को तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टेंशन चौराहे के पास अचानक इमारत की एक दीवार भरभराकर गिर गई। मलबे में काम कर रहीं सात महिला श्रमिक दब गईं। हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चौथी महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तीन अन्य घायल महिलाओं का इलाज जारी है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना बुधवार शाम करीब 3:30 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार महिला श्रमिक जर्जर भवन को तोड़ने के काम में जुटी थीं। इसी दौरान अचानक एक दीवार ढह गई और उसके मलबे में सात श्रमिक महिलाएं दब गईं।

पोकलेन से हटाया गया मलबा 

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीओपी देवेंद्र धुर्वे, सांवेर थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। नगर परिषद और प्रशासन की टीम ने छोटी पोकलेन मशीन की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया। राहत और बचाव अभियान के दौरान मलबे में फंसी महिलाओं को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।

हादसे में सुशीला पत्नी रमेश (50), रीना पत्नी लाखन (30) और सीमा पत्नी भेरूलाल (30), तीनों निवासी सांवेर, की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं चंदा पत्नी राहुल (25), संतोषी पत्नी मनोज (25), सुंदरबाई पत्नी मायाराम (55) और मंजू पत्नी सुनील (30) घायल हुईं। सभी को उपचार के लिए अरबिंदो अस्पताल ले जाया गया।

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर कांग्रेस की तैयारी तेज, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले रोड शो का प्लान

अस्पताल में चौथी महिला ने भी दम तोड़ा

अस्पताल में उपचार के दौरान चंदा पत्नी राहुल की हालत बिगड़ गई और उसकी भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में मृत महिला श्रमिकों की संख्या बढ़कर चार हो गई। तीन अन्य घायल महिलाओं का उपचार जारी है। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ग्रामीण एसपी ने मौके पर पहुंचकर ली जानकारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए इंदौर ग्रामीण एसपी राजेंद्र वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली। फिलहाल जर्जर इमारत को तोड़ने के दौरान सुरक्षा इंतजामों और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।