इंदौर में प्रेमिका को दूसरे के संग गरबा करते देख बिफर उठा प्रेमी, विवाद के बाद जहर खाकर दी जान; स्वजन ने सड़क पर शव रख किया हंगामा
इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में प्रेमिका से विवाद के बाद 23 वर्षीय चिराग सेन ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
चिराग सेन ने प्रेमिका से विवाद के बाद जहर खाया।
स्वजनों ने शव रखकर प्रेमिका पर एफआइआर मांगी।
पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। बाणगंगा क्षेत्र में 23 वर्षीय चिराग सेन की मौत के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। पोस्टमार्टम के बाद स्वजन और दोस्तों ने शव चौराहे पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी चिराग की मौत के मामले में उसकी प्रेमिका के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की मांग कर रहे थे। उनके हाथों में ‘जस्टिस फॉर चिराग’ लिखे पोस्टर थे। करीब 200 लोगों के जुटने से इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर प्रदर्शन समाप्त कराया।
भजन मंडली में काम करता था चिराग
बाणगंगा थाना प्रभारी सियाराम सिंह गुर्जर के अनुसार, वृंदावन कॉलोनी निवासी चिराग सेन उर्फ लाला भजन मंडली में काम करता था। उसका भाजपा नेताओं से भी जुड़ाव बताया गया है। चिराग का बाणगंगा क्षेत्र में रहने वाली निशा के साथ करीब चार साल से प्रेम प्रसंग था। दोनों के बीच अक्सर विवाद होने की बात भी सामने आई है।
गरबा खेलते देख लिया था, फिर हुआ विवाद
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, चिराग और निशा पिछले करीब पांच महीने से साथ रह रहे थे। रविवार को चिराग ने निशा को एक अन्य युवक के साथ गरबा खेलते हुए देख लिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद गुस्से में चिराग ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
उसकी हालत बिगड़ने पर एक दोस्त उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन उपचार के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही चिराग के स्वजन और दोस्त मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
‘जस्टिस फॉर चिराग’ के पोस्टर लेकर पहुंचे दोस्त
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद जब स्वजन चिराग का शव लेकर पहुंचे, तो उन्होंने चौराहे पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान दोस्तों के हाथों में ‘जस्टिस फॉर चिराग’ लिखे पोस्टर थे। प्रदर्शनकारी युवती के खिलाफ एफआइआर दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
यह भी पढ़ें- इंदौर में कन्या भोज पर बुलाकर बच्चियों से बर्बरता, 500 रुपये चोरी के शक में कपड़े उतरवाकर पीटा; शिक्षिका पर केस
पुलिस ने समझाइश देकर समाप्त कराया प्रदर्शन
चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किए जाने की सूचना मिलते ही एसीपी रुबीना मिजवानी और थाना प्रभारी सियाराम सिंह गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद स्वजन और दोस्त प्रदर्शन समाप्त कर वहां से रवाना हो गए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।