विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंदौर में पकड़ी गई पार्टी ड्रग्स एक्सटेसी की खेप, नाइजीरियन महिला गिरफ्तार; बस से नशे का जखीरा लेकर जा रही थी पुणे

Published: Tue, 22 Sep 2026 11:40 PM (IST)

इंदौर में डीआरआई ने पार्टी ड्रग एक्सटेसी और एम्फेटामाइन की बड़ी खेप पकड़ी, जिसमें एक नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

News Article Hero Image

डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर में पार्टी ड्रग के रूप में पहचानी जाने वाली एक्सटेसी (एमडीएमए) पकड़ी गई है। डायरेक्टोरेट आफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने यह कार्रवाई की है। बीते दिनों की तरह इस बार भी ड्रग तस्करी के नेटवर्क का विदेशी कनेक्शन मिला है। खेप के साथ नाइजीरिया मूल की महिला पकड़ी गई है।

डीआरआई ने सोमवार को शहर के तीन इमली बस स्टैंड के पास यह कार्रवाई की। निजी ट्रेवल एजेंसी की बस से महिला तस्कर पुणे के लिए रवाना हो रही थी। एक्सटेसी के साथ महिला के पास से तीन तरह की ड्रग पकड़ी गई। इसमें एम्फेटामाइन और गांजा भी शामिल है।

दो माह में पांच से ज्यादा मामले पकड़े

बता दें कि बीते दो महीनों में भोपाल, रतलाम से लेकर इंदौर और आसपास तमाम स्थानों पर डीआरआई की टीम ने एक के बाद एक सिंथेटिक ड्रग की खेप के साथ तस्करों को पकड़ा। दो महीने में ही पांच से ज्यादा मामले पकड़े जा चुके हैं। डीआरआई को सूचना मिली थी कि इंदौर से पुणे की ओर ड्रग्स की बड़ी खेप भेजी जा रही है। इसके बाद इनपुट के आधार पर टीमों ने निगरानी की।

बैग में रखा था नशे का जखीरा

तीन इमली पेट्रोल पंप के पास पर्पल बस सर्विस के स्टाप से एक नाइजीरियन महिला को डीआरआई ने रोका। पूछताछ के साथ उसके सामान की तलाशी ली। उसके पास रखे एक बैग के भीतर से अलग-अलग रंगों की टैबलेट, एक पॉलीथिन में से सफेद क्रिस्टल पाउडर और गांजा भी मिला। फील्ड ड्रग टेस्टिंग किट से जांच की तो क्रिस्टल पाउडर के एम्फेटामाइन और रंगीन टैबलेट के एक्सटेसी होने की पुष्टि हुई। इसके बाद डीआरआई ने मौके पर ही महिला को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

नशे की गोली पर अलग-अलग ब्रांड के निशान

महिला के बैग से कुल 1120 ग्राम एम्फेटामाइन, 296 ग्राम एक्सटेसी की टैबलेट, 10 ग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (गांजा) मिला है। डीआरआई ने आगे की जांच भी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि ड्रग को पुणे के तस्करों के पास भेजा जा रहा था। वहां से ये नाइट क्लबों और रेव पार्टियों में सप्लाई किया जाना था। एक्सटेसी टैबलेट पर अलग-अलग ब्रांड के निशान बने थे। बताया जा रहा है कि ये निशान क्वालिटी और उसमें नशे के मिश्रण की पहचान कराने के लिए दिए गए कोड हैं।

यह भी पढ़ें- इंदौर में महिला पार्षद पर टिप्पणी से सियासी बवाल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने जताया खेद; बोले- ‘वो मेरी बेटी जैसी’

गुरुग्राम में नाम बदलकर रह रही थी तस्कर

नशा तस्करी करते पकड़ी गई नाइजीरियन महिला का नाम विक्ट्री चिनेडू है। बीते कई महीनों से वह गुरुग्राम में रह रही है। उसने नाम भी बदलकर फाहिमा रख लिया था। मूलतः रिवर्स स्टेट, नाइजीरिया की महिला एक से दूसरे राज्य तक नशे की खेप पहुंचाती थी। उत्तर भारत के तस्करों के साथ उसके तार जुड़े हैं। डीआरआई अब महिला को ड्रग देने वाले तस्करों को पकड़ने में जुटा है। महिला को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।