विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खरगोन में अवैध हथियारों की खेप पकड़ी, कार में छिपाकर ले जा रहे थे 15 देशी पिस्टल; 5 बदमाश गिरफ्तार

Published: Wed, 23 Sep 2026 05:06 PM (IST)

खरगोन जिले में गोगावां पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 15 ...और पढ़ें

खरगोन पुलिस ने घटनाक्रम का ब्यौरा दिया।

खरगोन पुलिस ने घटनाक्रम का ब्यौरा दिया।

HighLights

  1. खरगोन पुलिस ने 15 देशी पिस्टल जब्त कीं।

  2. एक कार से अवैध हथियारों की तस्करी पकड़ी गई।

  3. पांच आरोपी गिरफ्तार, दो का आपराधिक रिकॉर्ड है।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गोगावां पुलिस ने बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक कार से 15 हस्तनिर्मित देशी पिस्टल बरामद कर पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। बरामद हथियारों की कीमत करीब 2.25 लाख रुपये बताई गई है। हथियारों के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

मुखबिर की सूचना पर फाटे पर घेराबंदी

पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की कार में कुछ लोग अवैध हथियार लेकर बिलाली की तरफ से गोगावां फाटे की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपनिरीक्षक दीपक यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम घुघरियाखेड़ी स्थित गोगावां फाटे पर घेराबंदी कर दी।

कुछ देर बाद सूचना में बताए हुलिए की सफेद कार वहां पहुंची। पुलिस ने कार को रोककर तलाशी ली तो उसमें सवार पांच लोगों के पास से 15 अवैध देशी पिस्टल बरामद हुईं।

लाइसेंस मांगा तो नहीं दिखा सके दस्तावेज

पुलिस ने कार सवारों से हथियार रखने के लिए लाइसेंस और अन्य वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने पांचों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान भिंड जिले के विष्णु पिता पानसिंग चौहान (23), लवकुश पिता किशनपाल चौहान (26), शेलेन्द्र उर्फ गोलू पिता शिवचरण बघेल (18), रामगोपाल उर्फ बिहारी पिता अहिरवरण चौहान (24) और अहमदाबाद, गुजरात निवासी रोहित उर्फ बाबू पिता अमरनाथ (22) के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें- खंडवा में NVDA उपयंत्री 14000 रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, बकाया भुगतान-सिक्योरिटी लौटाने के लिए मांगे थे 55 हजार

सिगनूर के व्यक्ति से हथियार खरीदने का खुलासा

पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ गोगावां थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने अवैध हथियार सिगनूर निवासी एक व्यक्ति से खरीदने की बात बताई है।

पुलिस अब आरोपितों को रिमांड पर लेकर हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ करेगी। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आए सिगनूर निवासी व्यक्ति को भी जांच के दौरान मामले में आरोपित बनाया जाएगा।

दो आरोपितों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में लवकुश के खिलाफ भिंड देहात थाने में आर्म्स एक्ट समेत तीन मामले दर्ज हैं। इनमें दो प्रकरण हथियार संबंधी धाराओं के हैं।

वहीं रामगोपाल उर्फ बिहारी के खिलाफ अमायन थाने में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। इसके अलावा मेहगांव थाने में मारपीट समेत अन्य धाराओं और रौन थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी प्रकरण दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

कार्रवाई एसडीओपी भीकनगांव केतन अडलक के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी दीपक यादव के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक रितेश तायड़े, सहायक उपनिरीक्षक अनिल तिवारी समेत गोगावां थाने का पुलिस बल शामिल रहा।