पीथमपुर में स्कूल से लौट रहे दो भाइयों और मौसेरी बहन को ट्राले ने कुचला, तीनों की मौके पर मौत
धार जिले के पीथमपुर में महू-नीमच हाईवे पर एक तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाइयों ...और पढ़ें

हादसे के बाद घटनास्थल पर जमा लोगों की भीड़।
HighLights
महू-नीमच हाईवे पर महेंद्रा ब्रिज के पास हुआ हादसा।
बच्चे सेंट फ्रांसिस स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे।
दो सगे भाइयों और एक मौसेरी बहन ने गंवाई जान।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। धार जिले के पीथमपुर में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने तीन मासूम जिंदगियों को निगल लिया। महू-नीमच हाईवे पर महेंद्रा ब्रिज के पास तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाइयों और उनकी मौसेरी बहन की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों बच्चे सेंट फ्रांसिस स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। एक साथ तीन बच्चों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
छोटे भाई और मौसेरी बहन को लेने स्कूल पहुंचा था
सेक्टर-1 थाना पुलिस के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों बच्चे पीथमपुर की उत्कर्ष आंगन कॉलोनी के निवासी थे। मृतकों की पहचान प्रियांश, उसके छोटे भाई मोक्ष और उनकी मौसेरी बहन आरुषि के रूप में हुई है।
नौवीं कक्षा में पढ़ने वाला प्रियांश गुरुवार को स्कूल नहीं गया था। दोपहर में वह अपने छोटे भाई मोक्ष को लेने सेंट फ्रांसिस स्कूल पहुंचा। मोक्ष पांचवीं और आरुषि सातवीं कक्षा में पढ़ती थी। स्कूल की छुट्टी होने के बाद प्रियांश दोनों को बाइक (एमपी 40 एमएल 4037) पर बैठाकर घर के लिए रवाना हुआ था।
ब्रिज के पास काल बनकर आया तेज रफ्तार ट्राला
तीनों बच्चे बाइक से महू-नीमच हाईवे पर महेंद्रा ब्रिज के पास पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार ट्राले ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और दुर्घटनाग्रस्त बाइक के आधार पर बच्चों की पहचान की। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें- महू में बिजली-पानी के संकट पर 500 परिवारों का फूटा गुस्सा, सड़क पर उतर किया चक्काजाम; लगीं वाहनों की कतारें
ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज, जांच शुरू
पुलिस ने तीनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए पीथमपुर सिविल अस्पताल भिजवा दिए हैं। वहीं, ट्राला चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है। एक ही परिवार के दो भाइयों और उनकी मौसेरी बहन की असमय मौत से परिजन बदहवास हैं। जिस दोपहर बच्चों के घर लौटने का इंतजार था, वही उनके परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।