विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राहुल गांधी ने निभाया वादा, 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में आंखों की समस्या बताने वाली खरगोन की छात्रा को उपचार कराने दिल्ली बुलाया

Published: Tue, 22 Sep 2026 10:20 PM (IST)

इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में राहुल गांधी से अपनी आंखों की समस्या साझा करने वाली खरगोन की छात्रा ...और पढ़ें

कांग्रेस नेता पोरलार खरते के साथ प्रियंका।

कांग्रेस नेता पोरलार खरते के साथ प्रियंका। 

HighLights

  1. प्रियंका सेंगर ने राहुल गांधी से आंख की समस्या बताई थी।

  2. राहुल गांधी ने छात्रा को उपचार के लिए दिल्ली बुलाया।

  3. खरगोन की छात्रा को अब बेहतर इलाज की उम्मीद।

डिजिटल डेस्क, खरगोन। इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अपनी आंखों की समस्या कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बताने वाली खरगोन की छात्रा प्रियंका सेंगर को अब इलाज की उम्मीद जगी है। राहुल गांधी ने प्रियंका की समस्या सुनने के बाद उपचार कराने का आश्वासन दिया था। अब उन्होंने प्रियंका को इलाज के लिए दिल्ली बुलाया है।

खरगोन जिले के चाचरिया गांव की रहने वाली प्रियंका एक साधारण किसान परिवार से हैं। उनके भाई प्रताप सिंह सेंगर के मुताबिक, प्रियंका की उम्र महज तीन साल थी, जब उनकी आंख में चूना गिर गया था। हादसे के बाद उनकी एक आंख की रोशनी प्रभावित हो गई और वह उससे देख नहीं पाती हैं।

12वीं के बाद वडोदरा में हुआ था ऑपरेशन

प्रियंका की आंख का इलाज कराने के लिए कक्षा 12वीं के बाद वडोदरा में ऑपरेशन कराया गया था। हालांकि, इसके बावजूद समस्या पूरी तरह दूर नहीं हुई। डॉक्टरों ने आगे भी ऑपरेशन की जरूरत बताई थी, लेकिन परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण आगे का इलाज नहीं हो सका।

प्रियंका ने शनिवार को इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी से अपनी परेशानी साझा की। उन्होंने अपनी आंख के इलाज की जरूरत के बारे में बताया, जिसके बाद राहुल गांधी ने उपचार में मदद का भरोसा दिलाया।

यह भी पढ़ें- इंदौर में महिला पार्षद पर टिप्पणी से सियासी बवाल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने जताया खेद; बोले- ‘वो मेरी बेटी जैसी’

ग्रेजुएशन के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी

प्रियंका ने अपना ग्रेजुएशन पूरा कर लिया है और फिलहाल इंदौर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। परिवार के अनुसार, लंबे समय से आंख की समस्या के बावजूद प्रियंका अपनी पढ़ाई जारी रखे हुए हैं।

अब राहुल गांधी की ओर से दिल्ली बुलाए जाने के बाद परिवार को उम्मीद है कि प्रियंका को आंख के बेहतर उपचार की सुविधा मिल सकेगी।