शहडोल में हृदयविदारक घटना : मां ने तीन मासूम बेटियों संग निगला जहर, चारों की मौत
शहडोल जिले के पपौंध थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे चारों की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है, हालांकि आत्महत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।

जहर खाकर दी जान (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। शहडोल जिले के पपौंध थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। हिरवाह गांव में एक महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ जहरीला पदार्थ निगल लिया, जिससे चारों की मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
पति रहता है बाहर
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान अनीता सिंह के रूप में हुई है। उनके साथ सात वर्षीय रितिका, चार वर्षीय कृष्णकुमारी और दो वर्षीय अर्पिता की भी मौत हुई है। बताया जा रहा है कि अनीता अपनी तीनों बेटियों के साथ प्रधानमंत्री आवास में रहती थी, जबकि उसका पति रोजगार के सिलसिले में दूसरे राज्य में रहकर काम करता है।
घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। पड़ोसियों को जब परिवार की हालत की जानकारी मिली तो तत्काल सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां चारों की मौत हो गई।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही पपौंध थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा मृतका के परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी बृजेंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मृतका का मायका और ससुराल पक्ष दोनों ही इस घटना से स्तब्ध हैं। फिलहाल पुलिस ने चारों शवों का पोस्टमार्टम कराकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही इस दुखद घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है।

