उमरिया में गर्भवती की मौत के बाद हंगामा, जादू-टोने के शक में महिला को पेड़ से बांधा; पुलिस ने पहुंचकर छुड़ाया
उमरिया के तामन्नारा गांव में एक गर्भवती महिला की मौत के बाद अंधविश्वास के चलते ग्रामीणों ने एक अन्य महिला ...और पढ़ें

HighLights
उमरिया जिले के तामन्नारा गांव में हुई वारदात।
गर्भवती की अस्पताल ले जाते समय हुई थी मौत।
पुलिस ने महिला को बंधन मुक्त करा कोतवाली भिजवाया।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। प्रदेश के उमरिया जिले के तामन्नारा गांव में गर्भवती महिला की मौत के बाद अंधविश्वास और जादू-टोने के शक ने तनाव की स्थिति पैदा कर दी। ग्रामीणों ने एक महिला पर कथित रूप से जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए उसे पकड़ लिया और पेड़ से बांध दिया। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम गांव पहुंची और महिला को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया। सुरक्षा के मद्देनजर उसे कोतवाली भेज दिया गया।
रास्ते में हुई गर्भवती महिला की मौत
जानकारी के मुताबिक तामन्नारा निवासी मौसम बाई बैगा की तबीयत बिगड़ने पर स्वजन उसे उमरिया जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। शहडोल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव लौट आए।
देर हो जाने के कारण उसी दिन अंतिम संस्कार नहीं हो सका। अगले दिन अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, तभी गांव में एक महिला के कथित व्यवहार और बयानों के बाद माहौल अचानक बिगड़ गया।
महिला की कथित अजीब हरकत भड़का आक्रोश
ग्रामीणों के अनुसार इसी दौरान गांव की श्याम बाई बैगा वहां पहुंची। बताया गया कि वह कथित तौर पर झूमने लगी और असामान्य बातें करने लगी। ग्रामीणों का दावा है कि महिला ने खुद को गीता बाई बताते हुए कहा कि उसने बदला ले लिया है और उसी ने मृत महिला को ‘खा लिया’ है।
महिला के कथित बयानों के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। कुछ लोगों ने उसे पकड़कर पास के पेड़ से बांध दिया। सूचना मिलने पर प्रशासन और पुलिस तत्काल सक्रिय हुई।
पुलिस ने महिला को छुड़ाया
डिप्टी कलेक्टर प्रत्यूष श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ तामन्नारा पहुंचे और महिला को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया। उसे सुरक्षा के लिए कोतवाली भेज दिया गया। प्रशासन की मौजूदगी में मृत गर्भवती महिला का अंतिम संस्कार भी कराया गया।
यह भी पढ़ें- पन्ना में बोरवेल हादसा: मोटर निकालने उतरे पिता-पुत्र की मौत, अंदर फंसने से दम घुटने की आशंका
डिप्टी कलेक्टर के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे महिला को बंधक बनाए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस की मदद से मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। मामले की जांच की जा रही है।
