मुंबई में ED दफ्तरों की सुरक्षा का जिम्मा CISF के हवाले, वर्ली और मझगांव के तीन कार्यालयों में 45 जवान तैनात
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने मुंबई में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के तीन कार्यालयों की सुरक्षा का जिम्मा संभाल लिया ...और पढ़ें

सीआईएसएफ ने मुंबई में ईडी के तीन कार्यालयों की सुरक्षा संभाली
HighLights
सीआईएसएफ ने मुंबई में ईडी के तीन कार्यालयों की सुरक्षा संभाली।
वर्ली और मझगांव स्थित कार्यालयों में 45 जवान तैनात किए गए।
देशभर में अब 20 ईडी कार्यालय सीआईएसएफ की सुरक्षा में।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने मुंबई में ईडी के तीन कार्यालयों की सुरक्षा का जिम्मा सोमवार को संभाल लिया। इनमें वर्ली के सीजे हाउस में ईडी का पश्चिमी क्षेत्र और एमबीजेडओ-2 कार्यालय तथा मझगांव के निर्माण भवन में एमबीजेडओ-1 कार्यालय शामिल हैं।
सीआईएसएफ प्रवक्ता ने बताया कि इन तीनों कार्यालयों की सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ के कुल 45 जवानों की टुकड़ी तैनात की गई है। ईडी के तीनों कार्यालयों में 15- 15 जवान चौबीसों घंटे सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे। यह नियमित तैनाती सीआईएसएफ यूनिट एमपीए मुंबई के वरिष्ठ कमांडेंट धीरज कुमार सिंह की देखरेख में सोमवार को उद्घाटन कार्यक्रम के साथ शुरू की गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस तैनाती के साथ अब देशभर में ईडी के 20 कार्यालयों की सुरक्षा में सीआईएसएफ तैनात है। इससे पहले ईडी के 17 कार्यालय, सीआइएसएफ की सुरक्षा में तैनात थे।
प्रवक्ता ने कहा, तीनों जगहों पर तैनात सीआईएसएफ कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे सतर्कता, अनुशासन और पेशेवर व्यवहार के उच्च मानकों को बनाए रखें।
(न्यूज एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)
