विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 18, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'कांग्रेस बुलडोजर नहीं चलाएगी, हर चीज की करेगी हिफाजत', खरगे ने राम मंदिर पर स्थिति साफ कर दी

Published: Sat, 18 May 2024 08:35 PM (IST)

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि भाजपा द्वारा लोगों को भड़काने के लिए यह झूठ फैलाया जा रहा ...और पढ़ें

हमारी सरकार आने के बाद हर चीज की हिफाजत की जाएगी- कांग्रेस अध्यक्ष (फाइल फोटो)
हमारी सरकार आने के बाद हर चीज की हिफाजत की जाएगी- कांग्रेस अध्यक्ष (फाइल फोटो)

HighLights

  1. प्रधानमंत्री खुद भड़काने का काम कर रहे- खरगे
  2. हमारी सरकार आने के बाद हर चीज की हिफाजत की जाएगी
  3. सबसे पहले मंदिर निर्माण का काम पूरा करेगें- उद्धव ठाकरे

राज्य ब्यूरो, मुंबई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि भाजपा द्वारा लोगों को भड़काने के लिए यह झूठ फैलाया जा रहा है कि कांग्रेस सत्ता में आई तो अयोध्या के राममंदिर पर बुलडोजर चला देगी। कांग्रेस ऐसा कुछ नहीं करने वाली है। कांग्रेस का शासन आने पर हर चीज की हिफाजत की जाएगी।

शुक्रवार शाम मुंबई में हुई आईएनडीआईए गठबंधन की संयुक्त रैली के बाद शनिवार दोपहर में गठबंधन का एक संयुक्त सम्मेलन भी हुआ। इसमें पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर अयोध्या में राममंदिर पर बुलडोजर चलाने की बात लोगों को भड़काने के लिए कही जा रही है।

प्रधानमंत्री खुद भड़काने का काम कर रहे- खरगे

खरगे ने कहा कि उनकी सरकार बुलडोजर सरकार के नाम से जानी जाती है। हम किसी पर बुलडोजर नहीं चलाते। जो रामजन्मभूमि ट्रस्ट की ओर से भगवान का मंदिर बन रहा है, जनता में एक भ्रम और रोष पैदा करके उन्हें भड़काने का काम प्रधानमंत्री खुद कर रहे हैं। इस पर तो चुनाव आयोग को उनपर कार्रवाई करनी चाहिए।

हमारी सरकार आने के बाद हर चीज की हिफाजत की जाएगी

खरगे के अनुसार जो चीजें हम नहीं कर सकते हैं, असंभव हैं, उनके बारे में बोलकर वह लोगों को भड़का रहे हैं। ऐसा कभी नहीं होगा। हमारी सरकार आने के बाद हर चीज की हिफाजत की जाएगी। हम संविधान के अनुसार चलेंगे। इसी मुद्दे पर बोलते हुए शिवसेना(यूबीटी) और राकांपा(शपा) के प्रमुखों ने भी अपना पक्ष रखा।

सबसे पहले मंदिर निर्माण का काम पूरा करेगें- उद्धव ठाकरे

शिवसेना (यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमारी सरकार बनी तो वह मंदिर पर बुलडोजर चलाने के बजाय सबसे पहले मंदिर निर्माण का काम पूरा करेगी। राकांपा (शपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि इस देश में जितने भी धार्मिक स्थल हैं, चाहे वह हिंदू के हों, मुसलमान के हों, सिख के हों या ईसाई के हों, उन सबका सम्मान रखना हमारा कर्तव्य है।

वह लोग संघ पर भी प्रतिबंध लगाने वाले हैं

इसी कड़ी में उद्धव ठाकरे ने भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर दिए गए एक बयान पर टिप्पणी करते हुए कहा कि अब तो वह लोग संघ पर भी प्रतिबंध लगाने वाले हैं। कांग्रेस यदि मंदिर पर बुलडोजर चलाएगी, तो भाजपा संघ पर प्रतिबंध लगाएगी।

महाराष्ट्र की 48 में से 46 सीटें महाविकास आघाड़ी को

इसी संवाददाता सम्मेलन में मल्लिकार्जुन खरगे ने देश में आईएनडीआईए गठबंधन की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि महाराष्ट्र की 48 में से 46 सीटें उनकी महाविकास आघाड़ी जीतने जा रही है। जबकि उद्धव ठाकरे ने राज्य की सभी 48 सीटें जीतने का दावा करते हुए कहा कि मोदी गरीबी, बेरोजगारी, भुखमरी जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए ही पाकिस्तान का नाम लेकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

जो फैसला नहीं मानेगा, वह बाहर जाएगा

ममता बनर्जी द्वारा आईएनडीआईए गठबंधन की सरकार बनने की स्थिति में उसे बाहर से समर्थन की बात कहे जाने पर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए खरगे ने कहा कि अभी जल्दी ही एक और बयान आया है ममता बनर्जी का कि यदि सरकार बनती है, तो वह सरकार में शामिल हो जाएंगी। पश्चिम बंगाल के कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी द्वारा ममता बनर्जी को भरोसेमंद न बताए जाने पर खरगे ने कहा कि निर्णय लेनेवाले अधीर रंजन नहीं हैं। निर्णय लेने वाले हम हैं। कांग्रेस पार्टी है। कांग्रेस हाईकमांड है। हम जो निर्णय लेंगे, वही सही होगा। पार्टी हाईकमांड हम हैं। हम जो तय करेंगे, वह सबको मानना होगा। जो नहीं मानेगा, वह बाहर जाएगा।

ये भी पढ़ें: 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।