विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 12, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

NCP नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या, लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर शक; पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

By Agency Edited By: Jeet Kumar
Published: Sat, 12 Oct 2024 10:30 PM (IST)Updated: Sun, 13 Oct 2024 06:32 AM (IST)

एनसीपी के वरिष्ठ नेता बाबा सिद्दीकी की अज्ञात लोगों ने फायरिंग कर हत्या कर दी। गोली लगने के बाद उन्हें ...और पढ़ें

महाराष्ट्र: एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी पर कई राउंड फायरिंग, अस्पताल में भर्ती
महाराष्ट्र: एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी पर कई राउंड फायरिंग, अस्पताल में भर्ती

HighLights

  1. मोटरसाइकिल सवार तीन शूटरों ने छह गोलियां दागीं
  2. फरवरी में ही कांग्रेस छोड़ राकांपा में शामिल हुए थे बाबा

एएनआई, मुंबई। मुंबई के पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सिद्दीकी बांद्रा (पूर्व) से तीन बार विधायक एवं राज्य सरकार में मंत्री रह चुके हैं। वह इसी वर्ष फरवरी में कांग्रेस छोड़कर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार) में शामिल हुए थे। उनके पुत्र जीशान सिद्दीकी वर्तमान में बांद्रा (पूर्व) सीट से ही विधायक हैं। पुलिस ने हत्या में शामिल रहे दो संदिग्ध शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है। बाबा सिद्दीकी का शव पोस्टमार्टम के लिए मुंबई के कूपर अस्पताल ले जाया जा रहा है।

बाबा सिद्दीकी पर उनके पुत्र के कार्यालय के बाहर ही शनिवार को रात लगभग 9.30 बजे मोटर साइकिल से आए तीन शूटरों ने छह गोलियां दागीं। उन्हें छह गोलियां लगी थीं। घायलावस्था में बाबा सिद्दीकी को निकट के लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए दो शूटर उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे हैं।

घटना के पीछे लारेंस विश्नोई गैंग पर शक

पुलिस इस घटना के पीछे लारेंस विश्नोई गैंग पर शक जता रही है। बता दें कि बाबा सिद्दीकी ने अपना पूरा राजनीतिक जीवन कांग्रेस पार्टी में गुजारा। लेकिन इसी वर्ष फरवरी में वह कांग्रेस छोड़कर राकांपा में शामिल हो गए थे। उनके विधायक पुत्र जीशान सिद्दीकी के भी जल्दी ही राकांपा (अजीत) में शामिल होकर अगला विधानसभा चुनाव लड़ने की संभावना है।

जीशान सिद्दीकी से मिले देवेंद्र फडणवीस

उनकी हत्या के बाद विपक्ष को एक बार फिर राज्य सरकार की कानून व्यवस्था पर उंगली उठाने का मौका मिल गया है। कांग्रेस नेता भाई जगताप ने खराब कानून-व्यवस्था के लिए गृहमंत्रालय के प्रभारी उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके त्यागपत्र की मांग की है। दूसरी ओर देवेंद्र फडणवीस ने स्वयं लीलावती अस्पताल पहुंचकर बाबा सिद्दीकी के पुत्र जीशान सिद्दीकी से मुलाकात की है, और पुलिस से घटनाक्रम की जानकारी ली है।

सीएम शिंदे का आया बयान

महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे का कहना है कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है और मैंने डॉक्टरों और पुलिस से बात की है। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, आरोपी यूपी और हरियाणा के हैं। तीसरा आरोपी फरार है। हमने मुंबई पुलिस को निर्देश दिए हैं कि कानून-व्यवस्था को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। मुझे यकीन है कि मुंबई पुलिस जल्द ही तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी...आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शरद गुट ने उठान कानून व्यवस्था पर सवाल

एनसीपी (एससीपी) नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता क्लाइड क्रैस्टो कहते हैं कि बाबा सिद्दीकी के बारे में खबर बहुत परेशान करने वाली है। यहां चिंता की बात यह है कि महाराष्ट्र में कानून और व्यवस्था की स्थिति वास्तव में गिर रही है और यह विफल हो गई है। भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति को जवाब देने की जरूरत है। महाराष्ट्र के लोगों को बताएं कि वे कानून और व्यवस्था को नियंत्रण में लाने में क्यों विफल रहे हैं। लोग कानून को अपने हाथ में ले रहे हैं और जो चाहते हैं वह करने के लिए स्वतंत्र हैं क्योंकि कानून का कोई डर नहीं है लगता है असफल हो गया।

बाबा सिद्दीकी की हत्या चिंता का विषय- भाजपा

भाजपा नेता किरीट सोमैया का कहना है कि बाबा सिद्दीकी की हत्या चिंता का विषय है। सरकार को एक विशेष टीम बनाकर इसकी जांच करनी चाहिए। यह एक बड़ी साजिश लगती है। सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।