विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 27, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Human Trafficking: 276 यात्रियों के साथ 'डंकी उड़ान' फ्रांस से लौटी मुंबई, पढ़ें अब तक क्या-क्या हुआ

By Jagran News Edited By: Paras Pandey
Published: Wed, 27 Dec 2023 03:00 AM (IST)

हाल ही में इस विषय पर शाह रुख खान अभिनीत फिल्म डंकी का प्रदर्शन भी हुआ है। रोमानियाई चार्टर कंपनी ...और पढ़ें

मानव तस्करी के संदेह में रोके गए थे 303 यात्री और दो हिरासत में
मानव तस्करी के संदेह में रोके गए थे 303 यात्री और दो हिरासत में

राज्य ब्यूरो, मुंबई। मानव तस्करी के संदेह में फ्रांस में रोक लिया गया विमान मंगलवार को 276 यात्रियों के साथ मुंबई पहुंचा। 303 यात्रियों के साथ यह विमान संयुक्त अरब अमीरात से फ्रांस पहुंचा था और इसे निकारागुआ जाना था।

निकारागुआ का उपयोग अक्सर अवैध प्रवासियों द्वारा अमेरिका जाने के लिए किया जाता है। विमान में सवार ज्यादातर यात्री भारतीय थे। इस प्रकार की अवैध यात्राओं को 'डंकी फ्लाइट्स' कहा जाता है। यह शब्द पंजाब में चोरी-छिपे अमेरिका या कनाडा जाने वाले लोगों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। 

हाल ही में इस विषय पर शाह रुख खान अभिनीत फिल्म 'डंकी' का प्रदर्शन भी हुआ है। रोमानियाई चार्टर कंपनी लीजेंड एयरलाइंस द्वारा संचालित विमान ए340 मंगलवार तड़के चार बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरा। इसने दोपहर ढाई बजे (स्थानीय समय) पेरिस के निकट वैट्री हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी और इसमें 276 यात्री सवार थे। दो यात्रियों को फ्रांस सरकार ने हिरासत में ले लिया है। दो नाबालिगों सहित 25 व्यक्तियों ने फ्रांस में ही शरण मांगी है।

उन्हें चा‌र्ल्स डी गाल हवाई अड्डे के एक विशेष क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया गया है। बताते चलें, फ्रांसीसी अधिकारियों ने गुरुवार को मानव तस्करी के संदेह में वैट्री हवाई अड्डे पर 11 नाबालिगों सहित 303 यात्रियों को ले जा रहे इस विमान को रोक दिया था।

केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) के अधिकारियों ने मुंबई पहुंचे 276 में से कुछ यात्रियों से पूछताछ की। किसी यात्री को हिरासत में नहीं लिया गया है और सभी 276 लोगों को 11.30 बजे तक हवाई अड्डे से जाने दिया गया। 

मीडिया से बचकर निकले यात्री 

प्रेट्र के अनुसार, मुंबई हवाई अड्डे पर इंतजार कर रहे मीडिया कर्मियों के बार-बार प्रयास के बावजूद किसी यात्री ने अपनी यात्रा या पिछले चार दिनों में हुई घटनाओं के बारे में बात नहीं की।

विमान उतरने के कुछ घंटों बाद हवाई अड्डे से बाहर आए यात्रियों को वहां इंतजार कर रहे मीडिया का सामना किए बिना बाहर निकलते देखा गया। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।