सीधा जवाब नहीं दिया तो लगेगा 10 लाख का जुर्माना... SRK-अजय और टाइगर श्रॉफ को तुकाराम मुंडे चेतावनी
महाराष्ट्र FDA ने इलायची की आड़ में पान मसाला का सरोगेट विज्ञापन करने वाले शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को नोटिस भेजा है।

सरोगेट विज्ञापन पर SRK, अजय, टाइगर को FDA की सख्त चेतावनी

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र फ़ूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने इलायची के नाम पर कथित तौर पर पान मसाला का सरोगेट ऐड करने वाले बॉलीवुड अभिनेताओं के खिलाफ अपना रुख सख्त कर लिया है।
FDA कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने चेतावनी दी है कि अगर अभिनेता शाह रुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ द्वारा दिए गए नोटिस के जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाते हैं, तो उन पर पहले चरण में 10 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
'गुमराह करने वाले विज्ञापनों पर पूरी तरह रोक'
ANI से बात करते हुए कमिश्नर तुकाराम मुंडे ने स्पष्ट किया कि कोई भी भ्रामक या सरोगेट विज्ञापन नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने कहा, ऐसे सभी झूठे और गुमराह करने वाले विज्ञापनों पर सख्त प्रतिबंध हैं और कानूनी कार्रवाई के प्रावधान मौजूद हैं।
अगर जवाब से हम संतुष्ट नहीं होते हैं, तो FSSAI एक्ट के तहत 10 लाख जुर्माना और प्रतिबंधित वस्तुओं से जुड़े नियमों के अनुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।
नोटिस भेजने में हुई देरी को लेकर उन्होंने कहा कि हम लगातार इस मामले की जांच कर रहे थे। थोड़ी देरी हुई है, लेकिन देर आए दुरुस्त आए। हमारी इस कार्रवाई का व्यापक असर दिखना चाहिए।
अभिनेताओं के घरों पर भेजे गए थे नोटिस
महाराष्ट्र FDA ने 14 अगस्त को तीनों अभिनेताओं को फ़ूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के उल्लंघन के तहत नोटिस जारी किए थे। यह नोटिस अजय देवगन को उनके जुहू स्थित आवास, शाहरुख खान को बांद्रा स्थित मन्नत और टाइगर श्रॉफ को उनके प्रोडक्शन हाउस टाइगर श्रॉफ प्रोडक्शंस LLP के पते पर भेजे गए।
विभाग का मानना है कि यह विज्ञापन च्यूइंग इलायची की आड़ में मुख्य रूप से पान मसाला ब्रांड का अप्रत्यक्ष प्रचार करता है।
राज्यभर में FDA का कड़ा अभियान जारी
यह कार्रवाई महाराष्ट्र सरकार के उस आदेश के बाद आई है, जिसमें 13 जुलाई, 2026 से राज्य में गुटखा और पान मसाला के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर एक साल के लिए पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
महाराष्ट्र FDA वर्तमान में पूरे राज्य में मिलावटी दूध, रेस्टोरेंट के भोजन, स्कूलों के पास जंक फूड और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के खिलाफ व्यापक प्रवर्तन अभियान चला रहा है।
