Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 16, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Maharashtra Lok Sabha Election 2024: महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों के लिए पांच चरणों में होगा मतदान, पढ़ें Live Updates

    Updated: Sat, 16 Mar 2024 05:20 PM (IST)

    Maharashtra lok sabha chunav लोकसभा चुनाव 2024 का बिगुल बज गया है। निर्वाचन आयोग ने आज दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव की तारीखों का एलान किया। ...और पढ़ें

    इस बार लोकसभा चुनाव सात चरणों में 19 अप्रैल से 20 मई तक आयोजित किए जाएंगे।
    इस बार लोकसभा चुनाव सात चरणों में 19 अप्रैल से 20 मई तक आयोजित किए जाएंगे।

    डिजिटल डेस्क, मुंबई (महाराष्ट्र)। लोकसभा चुनाव 2024 का बिगुल बज गया है। निर्वाचन आयोग ने आज दोपहर 3 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव की तारीखों का एलान किया। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि इस बार के लोकसभा चुनाव 7 चरणों में कराए जाएंगे। उन्होंने ये भी बताया कि चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसके अलावा पोलिंग बूथों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए गए हैं।

    इस बार लोकसभा चुनाव सात चरणों में 19 अप्रैल से 20 मई तक आयोजित किए जाएंगे। वहीं, वोटों की गिनती 4 जून को होगी। 18वीं लोकसभा के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही देश में आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

    यह भी पढ़ें: Lok Sabha Election 2024 Dates Live: लोकसभा चुनाव के साथ इन चार राज्यों में होंगे मतदान, 26 विधानसभा सीटों पर भी होगा उपचुनाव

    महाराष्ट्र में कब-कब होंगे चुनाव?

    ऐसे में अगर महाराष्ट्र की बात करें तो इस बार महाराष्ट्र के 48 सीटों पर लोकसभा चुनाव का आयोजन 5 चरणों में किया जाएगा। पहले चरण का चुनाव 19 अप्रैल को 5 सीटों के लिए होगा। दूसरे चरण का चुनाव 26 अप्रैल को 8 सीटों के लिए होना है। इसके अलावा, तीसरे चरण का चुनाव 7 मई 11 सीटों के लिए आयोजित किया जाएगा। वहीं, चौथे चरण का चुनाव 13 मई को 11 सीटों के लिए और पांचवें चरण का चुनाव 20 मई को 13 सीटों के लिए आयोजित किया जाएगा।

    खबरें और भी

    महाराष्ट्र में कब-कहां पर डाले जाएंगे वोट?

    चुनावों के चरण लोकसभा सीटें मतदान की तारीख
    पहला चरण रामटेक, नागपुर, भंडारा गोंदिया, गढ़चिरौली-चिमूर, चंद्रपुर 19 अप्रैल
    दूसरा चरण बुलढाणा, अकोला, अमरावती, वर्धा, यवतमाल वाशिम, हिंगोली, नांदेड़, परभनी 26 अप्रैल
    तीसरा चरण रायगढ़, बारामती, उस्मानाबाद, लातूर, सोलापुर, माढ़ा, सांगली, सतारा, रत्नागिरी-सिंघदुर्ग, कोल्हापुर, हातकणंगले 7 मई
    चौथा चरण नंदूरबार, जलगांव, रावेर, जालना, औरंगाबाद, मावल, पुणे, शिरूर, अहमदनगर, शिरडी, बीड 13 मई
    पांचवां चरण धुले, डिंडोरी, नासिक, पालघर, भिवंडी, कल्याण, ठाणे, मुंबई उत्तर, मुंबई उत्तर पश्चिम, मुंबई उत्तर पूर्व, मुंबई उत्तर मध्य, मुंबई दक्षिण मध्य, मुंबई दक्षिण 20 मई

    यह भी पढ़ें: Lok Sabha Election 2024 के लिए '4M' सबसे बड़ी चुनौती, आखिर कैसे होगा निपटारा; चुनाव आयुक्त ने बताया क्या होगी प्लानिंग

    इन 48 सीटों पर होगी वोटिंग

    महाराष्ट्र में 48 लोकसभा सीटों पर मतदान होंगे। इनमें वर्धा, रामटेक, नागपुर, भंडारा-गोंदिया, गढ़चिरौली-चिमूर, चंद्रपुर, यवतमाल-वाशिम,बुलढाना, अकोला, अमरावती, हिंगोली, नांदेड़, परभणी, बीड, उस्मानाबाद, लातूर, सोलापुर,जलगांव, रावेर, जालना, औरंगाबाद, रायगढ़, पुणे, बारामती, अहमदनगर, मढ़ा, सांगली, सातारा, रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर, हटकानांगले, नंदूरबार, धुले, डिंडोरी, नासिक, पालघर, भिवंडी, कल्याण, ठाणे, मुंबई, मुंबई उत्तर-पश्चिम, मुंबई उत्तर-पूर्व, मुंबई उत्तर-मध्य, मुंबई दक्षिण-मध्य, मुंबई दक्षिण, मावल, शिरूर, शिरडी की लोकसभा सीटें शामिल हैं।

    प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव आयोग ने क्या कहा?

    मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने शनिवार को कहा कि 97 करोड़ से अधिक मतदाता लोकसभा चुनाव में अपने मताधिकार का उपयोग करने के पात्र हैं और सभी को लोकतंत्र के इस महापर्व में हिस्सा लेना चाहिए। लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के दौरान संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग देश भर में 10.5 लाख मतदान केंद्र स्थापित करने की तैयारी कर रहा है।

    इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त के साथ दो नए चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू भी थे। उन्होंने कहा, ‘‘हम पूरी तरह से तैयार हैं और मैं मतदाताओं से मतदान में हिस्सा लेने का अनुरोध करता हूं।’’ उनका कहना था, ‘‘यह हम सभी के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है।’’

    कुमार ने कहा कि आयोग राष्ट्रीय चुनाव को इस तरह से कराने का वादा करता है जिससे विश्व मंच पर भारत का गौरव बढ़े। कुमार ने कहा, ‘‘सभी राज्यों में स्थिति का आकलन करने के बाद हम एक यादगार, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने को लेकर आश्वस्त हैं।’’ उन्होंने बताया, ‘‘हमारे पास 97 करोड़ पंजीकृत मतदाता हैं, 1.5 करोड़ कर्मियों द्वारा संचालित 10.5 लाख से अधिक मतदान केंद्र होंगे और 55 लाख ईवीएम होंगी।"

    कुमार के अनुसार, आयोग ने 17 लोकसभा चुनाव, 16 राष्ट्रपति चुनाव और 400 से अधिक विधानसभा चुनाव कराए हैं। सीईसी ने कहा कि 97.8 करोड़ पात्र मतदाता हैं जिनमें से 49.72 करोड़ पुरुष मतदाता और 47.1 करोड़ महिला मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि 1.82 करोड़ पहली बार मतदाता हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 11 राज्यों के चुनाव शांतिपूर्ण और हिंसा मुक्त थे और लगभग शून्य पुनर्मतदान हुए थे। उन्होंने कहा कि आगे चलकर इसमें और सुधार किया जाएगा।

    वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में सात चरणों में मतदान हुआ था। कुल 91.2 करोड़ पात्र मतदाता थे जिनमें लगभग 43.8 करोड़ महिला मतदाता और लगभग 47.3 करोड़ पुरुष मतदाता थे। कुल करीब 61.5 करोड़ वोट पड़े थे और मतदान प्रतिशत 67.4 फीसदी रहा था।

    महाराष्ट्र में लोकसभा की कुल सीटों की संख्या 48 है। इनमें 5 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। चार सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। ऐसे में महाराष्ट्र में कुल आरक्षित सीटों की संख्या 9 है। 2008 के डी-लिमिटेशन से पहले आरक्षित सीटों की संख्या 7 थी।