मुंबई में इनकम टैक्स ऑफिस की बिल्डिंग में लगी आग, अंदर फंसे लोगों का रेस्क्यू जारी
मुंबई के चर्चगेट स्थित इनकम टैक्स ऑफिस की सात मंजिला इमारत के बेसमेंट में सोमवार दोपहर आग लग गई, जिससे भारी धुआं फैल गया।
HighLights
चर्चगेट इनकम टैक्स ऑफिस की इमारत के बेसमेंट में लगी आग।
सात मंजिला इमारत में फंसे लोगों को निकालने का काम जारी।
आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीमें मौजूद।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई के चर्चगेट इलाके में इनकम टैक्स ऑफिस की बिल्डिंग सोमवार दोपहर आग लग गई। आग सात मंजिला इमारत के बेसमेंट में लगी, जिससे भारी मात्रा में धुआं फैल गया।
सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस, बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) स्टाफ, एम्बुलेंस टीम और सिविक वार्ड के कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया है।
इस हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। इमारत में ऊपर की मंजिलों पर फंसे लोगों को निकालने का काम जारी है।
दोपहर में बेसमेंट में लगी आग
जानकारी के अनुसार, आग दोपहर 2.01 बजे इनकम टैक्स ऑफिस के बेसमेंट में लगी। एक सिविक अधिकारी ने बताया कि चार फायर इंजन और दूसरी फायरफाइटिंग गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं।

