महाराष्ट्र के नासिक में एक ही दिन में 2 बार महसूस किए गए भूकंप के झटके, इस महीने 5वीं बार हिली धरती
महाराष्ट्र के नासिक में सोमवार को 2.5 और 3 तीव्रता के भूकंप के दो हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे कोई नुकसान नहीं हुआ।

नासिक में एक ही दिन में 2 बार महसूस किए गए भूकंप के झटके।
HighLights
नासिक में सोमवार को भूकंप के दो हल्के झटके महसूस हुए।
2.5 और 3 तीव्रता के झटके, कोई जानमाल का नुकसान नहीं।
इस महीने नासिक में पांचवीं बार आया भूकंप का झटका।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र के नासिक में सोमवार को कुछ हिस्सों में भूकंप के दो हल्के झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। नासिक, मुंबई से 180 किलोमीटर दूर स्थित है।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, सुबह 5.06 बजे और दोपहर 12.40 बजे 2.5 और 3 तीव्रता के झटके 5 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किए गए।
जिला प्रशासन के अनुसार, जिले के पेठ, सुरगाणा और डिंडोरी तालुका के कुछ हिस्सों में झटके महसूस किए गए।
अगस्त में 4 बार पहले भी आ चुका है भूकंप
इससे पहले नासिक में 25 से 28 जुलाई के अलावा 6,8,10 और 14 अगस्त को भी भूकंप के झटके दर्ज किए गए थे। उस समय सुरगाणा तालुका के भादर और डिंडोली तालुका के नानाशी में घरों की दीवारों में दरारें आ गई थीं।
सीएम ने दिए जागरुकता अभियान तेज के निर्देश
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पिछले हफ्ते प्रशासन को निर्देश दिया था कि वे नासिक और पालघर जिलों में भूकंपीय गतिविधियों का व्यापक आकलन करें और लोगों, खासकर छात्रों के बीच जागरूकता अभियान तेज करें।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

