फर्जी ID, पिस्तौल और फेक बॉडीगार्ड... मुंबई में पीएम मोदी के दौरे से पहले पुलिस ने नाकाम की बड़ी साजिश
प्रधानमंत्री मोदी के मुंबई दौरे से पहले एक युवक को फर्जी पीएमओ पहचानपत्र और उसके बॉडीगार्ड को पिस्तौल के साथ पकड़ा गया।

फर्जी पीएमओ पहचानपत्र के साथ युवक मुंबई में पकड़ा गया

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुंबई दौरे से पहले बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित कार्यक्रम स्थल नीता मुकेश अंबानी सांस्कृतिक केंद्र (एनएमएसीसी) पर सोमवार देर रात सुरक्षा जांच के दौरान पुलिस ने एक युवक को कथित फर्जी प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) पहचानपत्र के साथ पकड़ा। उसके साथ मौजूद बॉडीगार्ड के पास से पिस्तौल भी बरामद हुई है।
मुंबई पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिया गया युवक 24 वर्षीय रोहन पारिख है। वह खुद को पीएमओ का अधिकारी बता रहा था।
फर्जी ID के साथ युवक मुंबई में पकड़ा गया
पहचानपत्र की जांच में उसके फर्जी होने का पता चला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह खार निवासी एक व्यक्ति के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा था, जो उसका बॉडीगार्ड बताया जा रहा है। सुरक्षा जांच के दौरान बॉडीगार्ड के पास से पिस्टल मिलने के बाद दोनों से पूछताछ की गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद हथियार लाइसेंसी था। मुंबई पुलिस ने अपने बयान में कहा कि तीन लोगों ने संदिग्ध सरकारी पहचानपत्र का इस्तेमाल कर हथियार के साथ जियो वर्ल्ड प्लाजा में प्रवेश करने की कोशिश की थी।
युवक पर FIR दर्ज
आरोप है कि उसने जियो वर्ल्ड की सुरक्षा व्यवस्था को पार कर अंदर जाने का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले की जांच जारी है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि यह घटना सोमवार को हुई थी और इसका प्रधानमंत्री के मंगलवार के कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे फर्जी पहचानपत्र और हथियार के साथ कार्यक्रम स्थल तक क्यों पहुंचे थे।
उनके मोबाइल फोन, पहचानपत्रों और अन्य सामान की भी जांच की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी सत्यापित कर रही हैं कि पहचानपत्र कहां तैयार किया गया और उसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया गया।
मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही जांच
पुलिस का कहना है कि आरोपों की पुष्टि होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को एनएमएसीसी में आयोजित ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2026 का उद्घाटन करने मंगलवार की शाम मुंबई पहुंचे।
चार दिवसीय सम्मेलन का विषय ‘पोटेंशियल टू इम्पैक्ट: एजेंटिक एआई, टोकनाइजेशन, क्वांटम- ट्रस्टेड, कनेक्टेड, ग्लोबल सिस्टम्स फॉर इन्क्लूसिव फाइनेंस’ है। कार्यक्रम को देखते हुए बीकेसी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है।
यह भी पढ़ें- मुंबई में पीएम मोदी की रैली से पहले पकड़े गए 3 संदिग्ध, PMO की फर्जी ID और बंदूक बरामद
