शरद पवार की तबीयत जानने अस्पताल पहुंचे एकनाथ शिंदे और गौतम अदाणी, दो दिन पहले पीएम मोदी ने की थी बातचीत
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उद्योगपति गौतम अदाणी ने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती शरद पवार के स्वास्थ्य का हाल जाना।

शरद पवार से मिलने पहुंचे एकनाथ शिंदे।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। राकांपा (शरदचंद्र पवार) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार के स्वास्थ्य की जानकारी लेने आज उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एवं उद्योगपति गौतम अदाणी मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे। दो दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन पर शरद पवार से बात की थी।
महाराष्ट्र की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले शरदचंद्र पवार इन दिनों अस्वस्थ हैं। पिछले दिनों स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के कारण उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती करवाया गया था।
जांच और उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दी गई थी, लेकिन आगे की जांच और उपचार के लिए उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी तबीयत जानने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर महाराष्ट्र की सत्ता और उद्योग जगत के दिग्गजों तक ने संपर्क किया है। शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उद्योगपति गौतम अदाणी ने अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की।
प्रधानमंत्री मोदी ने दो दिन पहले फोन कर पवार के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। एकनाथ शिंदे का अस्पताल पहुंचकर पवार से मुलाकात करना भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। शिंदे और पवार अलग-अलग राजनीतिक खेमों में हैं, लेकिन दोनों के बीच व्यक्तिगत और पारिवारिक संबंध रहे हैं। शिंदे ने मुलाकात के बाद स्पष्ट किया कि यह राजनीतिक बैठक नहीं थी। उन्होंने बताया कि पवार की तबीयत में सुधार है और डॉक्टरों ने उनके स्वास्थ्य संबंधी सभी मानकों को सामान्य बताया है।