विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुंबई: कोस्टल रोड पर पुल से नीचे गिरी तेज रफ्तार BMW कार, तीन लोगों की मौत

Published: Sun, 20 Sep 2026 10:24 AM (IST)Updated: Sun, 20 Sep 2026 11:15 AM (IST)

मुंबई कोस्टल रोड पर रविवार सुबह एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार पुल से नीचे गिर गई, जिसमें तीन की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

HighLights

  1. मुंबई कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार दुर्घटनाग्रस्त।

  2. दुर्घटना में तीन लोगों की मौत, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल।

  3. मृतकों में शनाय गज्जल और धैर्य सेठ की हुई पहचान।

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई कोस्टल रोड पर तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार रविवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त होकर पुल से नीचे गिर गई। घटना में आने से तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

काले रंग की बीएमडब्ल्यू कार कोस्टल रोड पर मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जा रही थी तभी ड्राइवर ने कथित तौर पर गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार गाड़ी पुल से नीचे गिरने से पहले एक बाउंड्री वॉल से टकराई।

मृतकों में दो की हुई पहचान

नायर अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अनुसार, मृतकों में से दो की पहचान शनाय गज्जल (21) और धैर्य सेठ (17) के रूप में हुई है, जबकि एक अज्ञात 25 वर्षीय पुरुष को भी अस्पताल लाने पर मृत घोषित कर दिया गया। एक 20 वर्षीय अज्ञात पुरुष की हालत गंभीर बनी हुई है और वह ट्रॉमा वार्ड में भर्ती है। 

कोस्टल रोड कंट्रोल रूम के अनुसार, लाला लाजपत राय कॉलेज के सामने लोटस जेटी के पास कार चालक का गाड़ी पर से नियंत्रण खो गया। कार में सवार चारों लोगों को तुरंत पास के नगर निगम द्वारा संचालित नायर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से तीन को मृत घोषित कर दिया गया। 

कार में सवार चौथे व्यक्ति नहीं पाई पहचान

अधिकारी ने बताया कि कार में सवार चौथे व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं और वह अभी अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में गंभीर हालत में भर्ती है। इसकी उम्र लगभग 20 वर्ष है और पहचान अभी नहीं हो सकी है। 

मुंबई कोस्टल रोड 10.58 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड फ्रीवे है जो दक्षिण मुंबई में मरीन ड्राइव को बांद्रा-वर्ली सी लिंक के वर्ली छोर से जोड़ता है।

साइनबोर्ड तोड़ते हुए निकली कार

हादसे की गंभीरता का अंदाजा नुकसान को देखकर लगाया जा सकता है। कार पुल से लटके एक साइनबोर्ड से टकराकर उसे तोड़ती हुई निकल गई। बीएमडब्ल्यू को भी बहुत ज्दाया नुकसान पहुंचा। कार की छत अंदर की तरफ दब गई, जबकि विंडशील्ड के सैकड़ों टुकड़े हो गए। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया, बंपर उखड़ गया और अंदर के पार्ट्स बाहर दिखने लगे।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ।)

यह भी पढ़ें: मुंबई में कालाचौकी महागणपति पंडाल के पास हादसा, बिजली का झटका लगने से 8 साल की बच्ची समेत दो की मौत