विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गैर-मान्यता प्राप्त दलों को चंदे पर बवाल, गुजरात कांग्रेस ने की SIT जांच की मांग; BJP पर लगाए गंभीर आरोप

Published: Mon, 07 Sep 2026 02:26 AM (IST)

गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने 2023-24 में गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को मिले बड़े चंदे की एसआईटी जांच की मांग की है।

गैर-मान्यता प्राप्त दलों को मिले चंदे की एसआईटी जांच हो। (फाइल)

गैर-मान्यता प्राप्त दलों को मिले चंदे की एसआईटी जांच हो। (फाइल)

HighLights

  1. गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने एसआईटी जांच मांगी।

  2. गैर-मान्यता प्राप्त दलों को मिले बड़े चंदे पर सवाल।

  3. कांग्रेस ने इसे 'मोदी मॉडल' घोटाला बताया, मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप।

डिजिटल डेस्क, नागपुर। गुजरात कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चावड़ा ने रविवार को कहा कि पार्टी ने 2023-24 में गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को बड़े पैमाने पर चंदा मिलने संबंधी मीडिया में आई खबरों की एसआईटी जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच से वरिष्ठ भाजपा नेताओं की संलिप्तता सामने आएगी।

नागपुर में पत्रकारों से बात करते हुए चावड़ा ने कहा कि 'बीबीसी न्यूज हिंदी' की एक जांच से पता चला है कि गुजरात में छह पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को 2023-24 में भाजपा को छोड़कर सभी राष्ट्रीय दलों से अधिक चंदा मिला। उन छह दलों ने केवल एक या दो सीट पर ही चुनाव लड़ा था। उन्होंने इसे घोटाले का "मोदी मॉडल" बताया।

कहा कि यही "मोदी मॉडल" है, जिसमें घोटाले गढ़े जाते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दावा है कि वह न तो पैसे लेते हैं और न ही किसी को लेने देते हैं लेकिन, वास्तविकता यह है कि वह करोड़ों से कम की बात ही नहीं करते।

चावड़ा ने दावा किया कि इनमें से कई दल अपने पंजीकृत पते, घर या कार्यालय पर मौजूद ही नहीं हैं, फिर भी उनके खातों में करोड़ों रुपये का टर्नओवर दिखता है। उनका खर्च कुछ लाख रुपये है, जबकि आमदनी करोड़ों में है। आरोप है कि भाजपा से जुड़े लोग मनी लॉन्ड्रिंग के लिए इन पार्टियों के खातों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)