सिया गोयल के परिवार की दुकानों पर खाद्य विभाग ने जड़ा ताला, कारोबार बंद करने का भेजा नोटिस
पुणे में केतन अग्रवाल हत्याकांड की मुख्य आरोपी सिया गोयल के परिवार की मसाला और ड्राई फ्रूट्स की दुकान पर एफडीए ने कार्रवाई की है। ...और पढ़ें

सिया गोयल के परिवार की मसाला और ड्राई फ्रूट्स की दुकान पर लगा ताला (जागरण)
HighLights
सिया गोयल के परिवार की मसाला दुकान पर एफडीए की कार्रवाई।
खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर दुकान बंद करने का नोटिस।
8.14 लाख रुपये की खाद्य सामग्री जब्त, मिलावट की आशंका।
डिजिटल डेस्क, पुणे। पुणे के चर्चित रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में मुख्य आरोपित सिया गोयल के परिवार की मसाला और ड्राई फ्रूट्स की दुकान पर महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने कार्रवाई की है।
विभाग ने नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए दुकान को अगले आदेश तक कारोबार बंद करने का नोटिस जारी किया है।
एफडीए अधिकारियों के अनुसार, पुणे के मार्केट यार्ड स्थित एम/एस बीजी गोयल एंड कंपनी नाम की यह दुकान सिया गोयल के परिवार की है।
जांच के दौरान पाया गया कि दुकान ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत जरूरी नियमों का पालन नहीं किया था। इसके बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए दुकान का संचालन रोकने का आदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान एफडीए की टीम ने संत और साधु ब्रांड के हल्दी पाउडर, तिल और सोयाबीन बड़ी सहित चार खाद्य उत्पादों के नमूने जांच के लिए। साथ ही करीब 4,172 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त कर ली गई, जिसकी कीमत लगभग 8.14 लाख रुपये बताई गई है।
विभाग को इन उत्पादों की लेबलिंग में गड़बड़ी और मिलावट की आशंका है। इसके अलावा लाइसेंस संबंधी जरूरी जानकारी भी समय पर अपडेट नहीं की गई थी।
केतन हत्याकांड की जांच के लिए राजस्थान गई क्राइम ब्रांच की टीम
उधर, केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच कर रही पुणे पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम राजस्थान भी पहुंची है। जांच में सामने आया है कि सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी पिछले वर्ष दिसंबर में राजस्थान गए थे।
पुलिस को दोनों के बीच हुई चैट से संकेत मिले हैं कि उन्होंने वहां किसी मंदिर में गुप्त रूप से शादी की थी। पुलिस ने संबंधित मंदिर में जाकर जांच की और सीसीटीवी फुटेज भी तलाशे, लेकिन शादी की पुष्टि करने वाला कोई सुबूत नहीं मिला।
गौरतलब है कि सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी पर 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान सिया के मंगेतर केतन अग्रवाल को खाई में धक्का देकर हत्या करने का आरोप है। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
खबरें और भी
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- NEET पेपर लीक मामले में CBI का बड़ा खुलासा, आरोपी के फोन में मिले 111 हूबहू प्रश्न; पेपर-सेटर को दिए थे 5 लाख