पुणे में ठेकेदार ने की आत्महत्या, पूर्व विधायक, उनकी पत्नी समेत 14 के खिलाफ मामला दर्ज
पुणे में 65 वर्षीय एक ठेकेदार ने आत्महत्या कर ली, जिसके बाद पूर्व शिवसेना विधायक रवींद्र धंगेकर, उनकी पत्नी और 12 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है ...और पढ़ें

HighLights
पुणे में 65 वर्षीय ठेकेदार खलील शेख ने की आत्महत्या।
पूर्व विधायक रवींद्र धंगेकर, पत्नी समेत 14 पर केस दर्ज।
व्यापारिक धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकियों से था तनाव।
डिजिटल डेस्क, पुणे। पुणे में 65 वर्षीय एक ठेकेदार ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में शिवसेना के पूर्व विधायक रवींद्र धंगेकर, उनकी पत्नी और 12 अन्य लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने बताया कि ठेकेदार खलील शेख ने गुलटेकडी क्षेत्र में स्थित अपने आवास पर आत्महत्या कर ली।
आत्महत्या करने से पहले शेख ने वीडियो रिकार्ड किए और एक पत्र लिखा जिसमें उन्होंने पूर्व विधायक का नाम लिया। उन्होंने शहर में अन्य कारोबारी परियोजनाओं में उनके साथ काम करने वाले कई अन्य लोगों के नामों का भी उल्लेख किया है।
एक अधिकारी के अनुसार, शेख ने वीडियो और पत्र में कहा कि कारोबारी साझेदारों द्वारा धोखा दिए जाने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हो रहा था। शेख ने यह भी दावा किया कि उनमें से कुछ लोगों द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकियां दिए जाने के कारण वह तनाव में थे।
अधिकारी के अनुसार, स्वारगेट थाने में धंगेकर समेत 14 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, आपराधिक विश्वासघात, आपराधिक धमकी और अन्य आरोपों को लेकर भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में जांच जारी है।(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)