विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 26, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather Updates: पुणे में भारी बारिश से त्राहि-त्राहि, बचाव में जुटी सेना और एनडीआरएफ; वर्षा से विमान सेवाएं भी प्रभावित

Published: Fri, 26 Jul 2024 05:29 AM (IST)

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार पुणे शहर के शिवाजीनगर में 24 घंटों में 114 मिमी वर्षा हुई जो 66 ...और पढ़ें

पुणे में भारी बारिश से त्राहि-त्राहि, बचाव में जुटी सेना और एनडीआरएफ
पुणे में भारी बारिश से त्राहि-त्राहि, बचाव में जुटी सेना और एनडीआरएफ

HighLights

  1. 24 घंटे में पुणे, मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में 15 की मौत
  2. पुणे शहर के निचले इलाकों के कई घर और आवासीय सोसायटियां जलमग्न

 राज्य ब्यूरो, पुणे। मुंबई में पिछले चार दिनों से हो रही वर्षा ने गुरुवार को पुणे सहित पूरे मध्य महाराष्ट्र को अपने घेरे में ले लिया। पिछले 24 घंटे में पुणे, मुंबई, ठाणे, रायगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा से संबंधित घटनाओं में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा भयावह स्थिति पुणे में है। पुणे शहर के निचले इलाकों के कई घर और आवासीय सोसायटियां जलमग्न हो गईं हैं।

बांधों के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही वर्षा

फंसे लोगों को निकालने के लिए एनडीआरएफ और सेना की मदद ली जा रही है। भारत मौसम विभाग (आइएमडी) ने पुणे जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। लोगों से सावधानी बरतने को कहा गया है। भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जिले के अधिसंख्य स्कूलों और कालेजों ने छुट्टी घोषित कर दी है। पुणे शहर और जिले के अन्य हिस्सों, जिनमें वेल्हा, मुलशी, भोर तालुका और खड़कवासला सहित कई बांधों के जलग्रहण क्षेत्रों में बुधवार रात से लगातार वर्षा हो रही है।

अधिकारियों ने बताया कि शहर में सिंहगढ़ रोड, बानेर और डेक्कन जिमखाना जैसे निचले इलाकों में स्थित आवासीय क्षेत्रों में बाढ़ आ गई है। फंसे लोगों को निकालने के लिए पुणे नगर निगम (पीएमसी) के अग्निशमन विभाग और आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ ने प्रयास शुरू कर दिए हैं।

निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति

पुणे के जिला कलेक्टर सुहास दिवसे ने बताया कि खडकवासला बांध के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार वर्षा हो रही है, इसलिए बांध से 35,000 क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ा जा रहा है। पानी छोड़े जाने से मुथा नदी के किनारे कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई है। वहीं, रायगढ़ जिले में अलीबाग तट के पास अरब सागर में एक टगबोट पलट गई। इसके इंजन ने काम करना बंद कर दिया था। इस पर 14 लोग सवार थे। सभी को बचा लिया गया है।

पुणे में 66 वर्षों में एक दिन में तीसरी सबसे अधिक वर्षा

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पुणे शहर के शिवाजीनगर में 24 घंटों में 114 मिमी वर्षा हुई, जो 66 वर्षों में एक दिन में तीसरी सबसे अधिक वर्षा है। शिवाजीनगर में 24 घंटे में सबसे अधिक 130.4 मिमी वर्षा 19 जुलाई 1958 में दर्ज की गई थी। इसके बाद 27 जुलाई 1967 को 117.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी।

लोनावाला हिल स्टेशन के पास फंसे 29 पर्यटकों को निकाला गया

पुणे जिले के लोनावाला हिल स्टेशन के पास मालवली इलाके में फंसे 29 पर्यटकों को बुधवार शाम को निकाल लिया गया। उप मुख्यमंत्री और पुणे के संरक्षक मंत्री अजीत पवार ने वर्षा की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों और नगर निगम प्रशासन को नागरिकों को हरसंभव मदद मुहैया कराने का निर्देश दिया।

फंसे लोगों को हवाई मार्ग से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि पुणे में सड़कों और घरों में अभी भी पानी भरा हुआ है। यदि जरूरत पड़ी तो पुणे में वर्षा से प्रभावित लोगों को हवाई मार्ग से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा। इसकी तैयारी कर ली गई है।

वर्षा से विमान सेवाएं भी प्रभावित

मुंबई और उसके उपनगरों में भारी वर्षा से विमान सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं, जिसके परिणामस्वरूप कुछ उड़ानों को रद करना पड़ा है और कुछ का मार्ग बदलना पड़ा है। एअर इंडिया ने बु¨कग टिकट के पैसे को रिफंड करने की पेशकश भी की है। एयरलाइन ने एक ¨लक साझा कर लोगों से हवाई अड्डे पर जाने से पहले उड़ान की स्थिति की जांच करने के लिए कहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।