विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Teachers Day 2026 Speech: शिक्षक दिवस पर दें ये शानदार स्पीच, साथियों के साथ टीचर्स भी बजाएंगे तालियां

Published: Wed, 02 Sep 2026 06:35 PM (IST)Updated: Thu, 03 Sep 2026 10:22 AM (IST)

5 सितंबर को प्रतिवर्ष हमारे देश भारत के पहले उपराष्ट्रपति और दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य ...और पढ़ें

Teachers Day 2026 Speech (इमेज: magnific)

Teachers Day 2026 Speech (इमेज: magnific)

HighLights

  1. 5 सितंबर को प्रतिवर्ष भारत में सेलिब्रेट किया जाता है शिक्षक दिवस।

  2. डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में किया जाता है सेलिब्रेट।

एजुकेशन डेस्क, नई दिल्ली। गुरु गोविंद दोऊ खड़े, काके लागूं पांय। बलिहारी गुरु आपने, गोविंद दियो बताय। हम सब बचपन से ही यह सुनते हुए आये हैं जिसका मतलब है कि अगर गुरु और भगवान दोनों खड़े हों तो पहले गुरु के चरण स्पर्श करना चाहिए। हमारी संस्कृति में गुरु को भगवान से ऊपर का दर्जा दिया गया है।
प्रतिवर्ष गुरु यानी कि शिक्षक को सम्मान देने के लिए हमारे देश में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस (Teachers Day) के रूप में सेलिब्रेट किया जाता है। यह दिन भारत के पहले उपराष्ट्रपति और दूसरे राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के उपलक्ष्य में 5 सितंबर को मनाया जाता है। अगर आप भी इस दिन पर स्कूल में भाषण देना चाहते हैं तो यह पेज आपके लिए उपयोगी है। आप यहां से 500 शब्दों का एक शानदार भाषण प्राप्त कर सकते हैं।

Speech on Teachers Day: शिक्षक दिवस पर भाषण

आदरणीय प्रधानाचार्य महोदय, यहां मौजूद शिक्षकगण और मेरे प्यारे सहपाठियों, जैसा कि हम जानते हैं कि सभी लोग यहां पर शिक्षक दिवस के मौके पर एकत्रित हुए हुए हैं।
आज 5 सितंबर का दिन हम सभी के लिए बेहद खास है। आज के दिन हम भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद और दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती को 'शिक्षक दिवस' के रूप में मनाते हैं। जब डॉ. राधाकृष्णन देश के राष्ट्रपति बने, तो उनके छात्रों ने उनका जन्मदिन मनाने की इच्छा जताई। तब उन्होंने कहा था, "मेरा जन्मदिन अलग से मनाने के बजाय अगर इसे शिक्षकों के सम्मान में समर्पित किया जाए, तो मुझे सबसे ज्यादा गर्व होगा।" तभी से 1962 से हर साल 5 सितम्बर को पूरे देश में शिक्षक दिवस मनाया जाता है।

हमारे जीवन में शिक्षकों का योगदान इसी से जान सकते हैं कि गुरु का स्थान ईश्वर से भी ऊंचा माना गया है। माता-पिता हमें जन्म देते हैं, हमारा पालन-पोषण करते हैं, लेकिन शिक्षक हमें जीवन जीने की कला सिखाते हैं। वे केवल किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि हमें सही और गलत का अंतर समझाते हैं, हमारे चरित्र का निर्माण करते हैं और हमारे सपनों को सच करने का साहस देते हैं।

  • गुरुर ब्रह्मा गुरुर विष्णुः गुरुर देवो महेश्वरः।
  • गुरुः साक्षात परंब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नमः॥
teachers day 2026
(इमेज क्रेडिट: magnific)

शिक्षक उस दीपक की तरह होते हैं जो खुद जलकर दूसरों के जीवन को प्रकाश से भर देता है। वे एक कुम्हार की भांति होते हैं, जो कच्ची मिट्टी रूपी छात्र को अपने मार्गदर्शन और अनुशासन से एक सुंदर मूर्ति का आकार देते हैं।

पिछले कुछ सालों में इंटरनेट और तकनीक के माध्यम से ज्ञान आसानी से उपलब्ध है, लेकिन जो संस्कार, नैतिक मूल्य और जीवन का दृष्टिकोण एक शिक्षक दे सकता है, वह कोई तकनीक नहीं दे सकती। कक्षा में मिली असफलता के बाद शिक्षक का थपथपाया हुआ हाथ और यह कहना कि "तुम कर सकते हो", किसी भी बच्चे का भविष्य बदल सकता है।

शिक्षक केवल परीक्षा पास करने के लिए नहीं पढ़ाते, वे हमें समाज का एक जिम्मेदार, संवेदनशील और सक्षम नागरिक बनाते हैं। देश के डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, कलाकार या नेता- हर सफल व्यक्ति के पीछे किसी न किसी शिक्षक की मेहनत और मार्गदर्शन छिपा होता है।

teachers day

(इमेज क्रेडिट: magnific)

ऐसे में हमारा भी कर्तव्य है कि हम अपने गुरुओं का सम्मान केवल एक दिन कार्ड या फूल देकर न करें, बल्कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर करें। सच्चा सम्मान यही होगा कि हम अनुशासित रहें, लगन से पढ़ाई करें, समाज में अच्छे कार्य करें और अपने शिक्षकों का नाम रोशन करें।

अंत में मैं दो लाइने सुनकर अपनी वाणी को विराम देता हूं-

  • अज्ञान का अंधेरा मिटाकर ज्ञान की ज्योत जलाते हैं,
  • सही राह दिखाकर शिक्षक, हमें इंसान बनाते हैं।

धन्यवाद! जय हिंद, जय भारत!

यह भी पढ़ें- Ramon Magsaysay Award 2026: रूना खान को मिला एशिया का प्रतिष्ठित सम्मान, नाव को ही बना दिया स्कूल और अस्पताल