UPTET Result 2026: यूपीईएसएससी ने अपने आधिकारिक पोर्टल से यूपीटीईटी रिजल्ट हटाया, क्या दोबारा जारी होगा परिणाम?
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट से UPTET 2026 का परिणाम हटा दिया है। यह ...और पढ़ें

UPTET Result 2026: यहां पढ़ें पूरी खबर।
HighLights
UPTET 2026 परिणाम वेबसाइट से हटाया गया।
लगभग 60 हजार उम्मीदवारों का रिजल्ट रिजेक्ट।
एजुकेशन डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश टीईटी-2026 की परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। दरअसल उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने अपने आधिकारिक पोर्टल upessc.up.gov.in से UPTET Result 2026 को हटा दिया है। दरअसल परिणाम जारी होने के बाद लगभग 60 हजार उम्मीदवारों का रिजल्ट वेबसाइट पर रिजेक्ट दिखाई दे रहा था, जिसके चलते पोर्टल से UP TET रिजल्ट लिंक को हटा दिया गया है।
क्या है पूरा मामला
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) की ओर से 26 अगस्त, 2026 को UPTET Result 2026 का परिणाम जारी किया गया था। परिणाम जारी होने के बाद लगभग 60 हजार उम्मीदवारों का परिणाम वेबसाइट पर रिजेक्ट दिखाई रहा था। हालांकि वेबसाइट पर रिजल्ट रिजेक्ट होने का मुख्य कारण अमान्य रोल नंबर, प्रश्नपत्र बुकलेट नंबर और अन्य जरूरी कॉलम को गलत दर्ज करना बताया गया, जिसके कारण कंप्यूटर सॉफ्टवेयर ओएमआर कॉपियों मूल्यांकन नहीं कर सका।
आंसर-की में पास लेकिन रिजल्ट में फेल
रिजल्ट जारी होने के बाद कुछ उम्मीदवारों द्वारा यह भी दावा किया गया कि प्रोविजनल आंसर-की और फाइनल आंसर से उत्तर मिलान करने के बाद उनके नंबर ज्यादा बन रहे थे। लेकिन फाइनल रिजल्ट में उनके नंबर कम थे। ऐसे में रिजल्ट जारी होने के बाद से ही कई उम्मीदवारों द्वारा इसका विरोध किया गया। जिसके बाद आयोग के वरिष्ठ आधिकारियों ने एक आपात बैठक बुलाई और एक समिति बनाने का निर्णय भी लिया।
पांच सदस्यीय समिति का गठन
छात्रों की शिकायत के बाद आयोग की ओर से एक 5 सदस्यीय समिति बनाई गई है। इस समीति का मुख्य कार्य उम्मीदवारों द्वारा दर्ज की गई शिकायतों की बारिकी से जांच करना है। इसके साथ ही समिति की ओर से आंसर शीट और ऑनलाइन किए गए मूल्यांकन की दोबारा से जांच की जाएगी। जांच प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद समिति की ओर से आयोग को एक रिपोर्ट पेश की जाएगी। ऐसे में अगर परिणामों में गड़बड़ी पाई जाती है, तो रिजल्ट में तुंरत सुधार किया जाएगा।
क्या दोबारा जारी होगा रिजल्ट
आयोग की ओर से फिलहाल यूपीटीईटी रिजल्ट लिंक को पोर्टल से हटा दिया गया है। लेकिन इससे संबंधित अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। ऐसे में तमाम रिपोर्टस की मानें तो आयोग की ओर से रिजल्ट में हुए तकनीकी गड़बड़ी को सही किया जा रहा होगा। कुछ समय बाद रिजल्ट लिंक को पोर्टल पर दोबारा एक्टिव कर दिया जाएगा।
10 सितंबर तक प्रत्यावदेन करने का मौका
आयोग की ओर से नोटिस जारी करते हुए यह कहा गया है कि जिन भी उम्मीदवारों को यूपीटीईटी रिजल्ट से संबंधित कोई परेशानी है। वे 10 सितंबर तक upesscprayagraj@gmail.com ईमेल के माध्यम से प्रत्यावदेन कर सकते हैं। इसके अलावा, उम्मीदवार अपना प्रत्यावदेन कार्यालय जाकर या डाक के माध्यम से भी भेज सकते हैं।
