तमिलनाडु: AIADMK को लगा एक और झटका, विधायक एमआर विजयभास्कर ने भी दिया इस्तीफा
एमआर विजयभास्कर ने AIADMK से इस्तीफा दे दिया है, जिससे तमिलनाडु में पार्टी का राजनीतिक संकट गहरा गया है। वह छठे विधायक हैं जिन्होंने पार्टी छोड़ी है। ...और पढ़ें

विधायक एमआर विजयभास्कर ने दिया इस्तीफा (फोटो- सोशल मीडिया)
HighLights
पूर्व परिवहन मंत्री एमआर विजयभास्कर ने AIADMK छोड़ी
वह पार्टी छोड़ने वाले छठे विधायक बन गए हैं
उनके सीएम विजय की पार्टी TVK में शामिल होने की संभावना
डिजिटल डेस्क, चेन्नई। तमिलनाडु में AIADMK के भीतर चल रहा राजनीतिक संकट कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पूर्व परिवहन मंत्री और करूर से विधायक एमआर विजयभास्कर ने एआईएडीएमके से इस्तीफा दे दिया है। विजयभास्कर के आज सीएम विजय की पार्टी में शामिल होने की संभावना है।
दरअसल, तमिलनाडु में चुनावों के बाद एमआर विजयभास्कर पार्टी छोड़ने वाले AIADMK के छठे विधायक हैं। करूर से विधायक एमआर विजयभास्कर ने सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।
इससे पहले, एआईएडीएमके के चार विधायकों ने विधानसभा से इस्तीफा देकर सत्ताधारी टीवीके में शामिल हो गए थे, जिससे विपक्ष की ताकत कमजोर हो गई थी। वहीं अब एमआर विजयभास्कर के इस्तीफे के बाद एडप्पाडी पलानीस्वामी की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
क्या विजय की पार्टी में शामिल होंगे विजयभास्कर?
विजयभास्कर के इस्तीफे के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि वह जल्द ही सीएम विजय की पार्टी TVK में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, उनके टीवीके में शामिल होने को लेकर अब तक कोई आधिकारिक एलान नहीं हुआ है। अगर वह टीवीके में शामिल होते हैं तो यह AIADMK के लिए एक और बड़ा राजनीतिक झटका माना जाएगा।
एमआर विजयभास्कर ने जे जयललिता मंत्रिमंडल में परिवहन मंत्री के रूप में कार्य किया था। वे 2021 के चुनावों में करूर से डीएमके के वी सेंथिल बालाजी से हार गए थे, लेकिन 2026 में वे यहीं से पुनः निर्वाचित हुए। छठे विधायक के इस्तीफे के साथ ही तमिलनाडु में सात विधानसभा सीटें खाली हो गईं हैं। इनमें से एक त्रिची पूर्व सीट भी है जिसे विजय ने छोड़ दिया था।