आंध्र प्रदेश: चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसला शख्स, कॉन्स्टेबल ने बचाई जान
आंध्र प्रदेश के अनंतपुर रेलवे स्टेशन पर एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसल गया। मौके पर मौजूद कांस्टेबल ...और पढ़ें
HighLights
अनंतपुर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ते समय हादसा टला।
कांस्टेबल सी. सुरेन्द्र ने यात्री रवि कुमार की जान बचाई।
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई, कांस्टेबल की तारीफ।
डिजिटल डेस्क, अमरावती। आंध्र प्रदेश के अनंतपुर रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक यात्री का पैर फिसलते ही वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच गिरने लगा।
गनीमत रही कि मौके पर मौजूद कांस्टेबल ने गजब की फुर्ती दिखाते हुए सेकंडों में उसे खींच लिया और उसकी जान बचा ली। यह पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान बिगड़ा संतुलन
घटना के समय रवि कुमार नाम का यात्री प्लेटफॉर्म से छूट रही चलती ट्रेन में सवार होने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसलकर प्लेटफॉर्म और पटरी के बीच की खतरनाक जगह की तरफ जाने लगा।
प्लेटफॉर्म पर ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल सी. सुरेन्द्र की नजर तुरंत उस पर पड़ी। कांस्टेबल सुरेन्द्र ने एक पल की भी देरी किए बिना दौड़ लगाई और रवि कुमार का कॉलर पकड़कर उसे पूरी ताकत से प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्लेटफॉर्म पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मी और सुरक्षाकर्मी भी तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे। कांस्टेबल की त्वरित सूझबूझ से यात्री बाल-बाल बच गया और उसे केवल मामूली खरोंचें आईं।
सीसीटीवी में कैद हुई जांबाजी
स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज में कांस्टेबल की तेजी और सूझबूझ साफ दिखाई दे रही है। सुरक्षित बचने के बाद यात्री रवि कुमार ने हाथ जोड़कर कांस्टेबल सुरेन्द्र का धन्यवाद किया।
प्रत्यक्षदर्शियों और सोशल मीडिया पर लोग कांस्टेबल की तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- आंध्र प्रदेश: तिरुपति में फार्मा कंपनी का बॉयलर फटने से 5 लोगों की मौत, 10 से ज्यादा घायल
यह भी पढ़ें- आंध्र प्रदेश से चंडीगढ़ आया पुलिस इंस्पेक्टर, बस स्टाॅप पर झपकी लेते ही 3.20 लाख की चेन-मोबाइल फोन गायब
