विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेंगलुरु: प्रेम विवाह करने वाली युवती का मायकेवालों ने ही किया अपहरण, भागते समय कार से 6 लोगों को कुचला

Published: Thu, 17 Sep 2026 01:52 PM (IST)

बेंगलुरु में एक 21 वर्षीय युवती का उसके परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह करने के बाद अपहरण कर ...और पढ़ें

HighLights

  1. बेंगलुरु में प्रेम विवाह करने वाली युवती का अपहरण।

  2. भागने के दौरान किडनैपर्स की कार ने 6 लोगों को घायल किया।

  3. पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा, मुख्य आरोपी फरार।

डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु से एक अजीबोगरीब खबर सामने आ रही है। यहां राजस्थान से आए कुछ लोगों ने मर्जी के खिलाफ शादी करने वाली एक 21 वर्षीय युवती का अपहरण कर लिया और फिर भागने के दौरान किडनैपरों की गाड़ी ने सड़क पर कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे 6 लोग घायल हो गए।

पूरे मामले को ऐसे समझिए कि राजस्थान के मेलवास गांव की रहने वाली 21 वर्षीय पूजा ने अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ करीब नौ महीने पहले 23 वर्षीय ओम प्रकाश से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद यह जोड़ा बेंगलुरु के अग्रहारा दासहल्ली इलाके में छिपकर रह रहा था।

शादी से नाराज था परिवार

मिली जानकारी के अनुसार परिवार इस शादी से बेहद नाराज था। पुलिस के मुताबिक, पूजा के परिजनों ने उसे वापस लाने के लिए राजस्थान से चार लोगों को बेंगलुरु भेजा था। आरोपी सीधे पूजा के घर पहुंचे, उसे जबरन उठाया और एक हुंडई वेन्यू कार (रजिस्ट्रेशन नंबर- RJ 22 CC 9691) में बैठाकर फरार हो गए।

कार दुर्घटना के बाद लोगों में भारी गुस्सा

बता दें कि गाड़ी में बैठने के बाद जब पूजा ने चीखना-चिल्लाया, तो मुख्य आरोपी सद्दाम घबरा गया और गाड़ी को बेहद लापरवाही व तेजी से भगाने लगा। भागने की जल्दी में उस तेज रफ्तार कार ने रास्ते में 3 से 4 दोपहिया वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी।

इस सड़क हादसे में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें 12 साल का पृथ्वीराज, 9 साल की यशिका, अमूल, मणि, संतोष और 57 साल की जयलक्ष्मी शामिल हैं। इनमें जयलक्ष्मी के सिर में गंभीर चोट आई है और उन्हें आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है।

दुर्घटना के बाद सड़क पर मौजूद लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए उस कार का पीछा किया और आरोपियों को धर दबोचा। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनमें लोग आरोपियों को कार से बाहर खींचकर पीटते नजर आ रहे हैं।

आरोपियों की गिरफ्तारी और बुआ की भूमिका

गौरतलब है कि पुलिस ने मौके पर पकड़े गए तीन आरोपियों राकेश (31), करण (25) और अयान (18) को गिरफ्तार कर लिया है, जो सभी राजस्थान के रहने वाले हैं। वहीं, गाड़ी चला रहा मुख्य आरोपी सद्दाम अभी भी फरार है, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस ने इस्तेमाल की गई एसयूवी कार को भी जब्त कर लिया है।

दूसरी तरफ पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि शादी के बाद भी पूजा अपनी बुआ के संपर्क में थी। आशंका जताई जा रही है कि इसी बातचीत के दौरान परिवार को बेंगलुरु में उनके ठिकाने की भनक लग गई और बुआ ने ही कथित तौर पर सद्दाम से संपर्क कर इस अपहरण को अंजाम देने के लिए कहा था।