CCTV बंद, फोन का डेटा डिलीट... क्या पिता की हत्या का राज जानने पर हुआ 4 साल के बच्चे का कत्ल?
बेंगलुरु के चिक्काबनावरा में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति और 4 साल के बेटे की हत्या कर दी।

बेंगलुरु में पत्नी ने प्रेमी संग की पति-बेटे की निर्मम हत्या (फोटो-सोशल मीडिया)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। बेंगलुरु के चिक्काबनावरा इलाके में हुए दोहरे हत्याकांड ने लोगों को दहला दिया है। एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर करोड़ों की संपत्ति और अवैध संबंधों के चक्कर में अपने पति की नृशंस हत्या कर दी।
हत्या का चश्मदीद बने अपने चार साल के मासूम बेटे को भी रास्ते से हटाने के लिए उसका गला घोंट दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी हारिनी (26) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके प्रेमी विनय की तलाश की जा रही है।
हत्या कर पुलिस को दी सूचना
यह घटना सोमवार की है। हारिनी ने खुद पुलिस कंट्रोल रूम फोन किया और बताया कि उसने पति अभिनंदन (35) और बेटा यदुवीर (4) बिस्तर पर मृत पड़े हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस को हारिनी के बयानों में विरोधाभास मिला। कड़ाई से पूछताछ के बाद उसने अपनी गुनाह कबूल कर लिया।
पिता की हत्या देखने पर बेटे का कत्ल?
पुलिस जांच में सामने आया कि रविवार रात करीब 11 बजे हारिनी ने अपने प्रेमी विनय को घर बुलाया था। दोनों ने मिलकर अभिनंदन की हत्या की। इस दौरान चार साल के मासूम यदुवीर की नींद खुल गई और उसने पूरी वारदात देख ली।
अपना राज खुलने के डर से बेरहम मां ने अपनी ही कोख से जन्मे बेटे का गला घोंट दिया। इसके बाद वारदात को सुसाइड या आपसी विवाद का रूप देने के लिए आरोपियों ने पिता के शव को बच्चे के ऊपर रख दिया।
सीसीटीवी बंद किए, फोन किया फॉर्मेट
आरोपियों ने वारदात से पहले रविवार रात 10 बजे ही घर के सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए थे। हत्या के बाद खून से सने कपड़े धोकर सुखाने के लिए डाल दिए और फिर हारिनी ने अपने मोबाइल से कॉल हिस्ट्री, मैसेज और फोटो डिलीट कर दिए।
लेकिन कमरे में मिले खून के धब्बों और फॉरेंसिक साक्ष्यों ने उनकी पोल खोल दी।
अवैध संबंध बनी वजह
डीसीपी एन. नागेश के अनुसार, दंपति के बीच काफी समय से वैवाहिक विवाद चल रहा था। हारिनी और विनय के बीच अवैध संबंध थे। वहीं अभिनंदन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसके पास तीन मंजिला इमारत समेत करोंड़ों की संपत्ति थी।
पुलिस को शक है कि इस संपत्ति को हड़पने और एक साथ रहने के लिए ही इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार आरोपी विनय की धरपकड़ के लिए टीमें गठित कर दी हैं।
