यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 17, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
केंद्र की कामयाबी बताने के लिए भाजपा ने कसी कमर
मोदी सरकार 26 मई को दो साल पूरे करने जा रही है। पार्टी ने सरकार की कामयाबी को बताने के लिए देशभर में 200 कार्यक्रम करने का फैसला किया है।

नई दिल्ली। वर्ष 2014 कई मायने में महत्वपूर्ण था। जनता ने यूपीए सरकार को बुरी तरह से नकार दिया और नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली एनडीए को पूर्ण बहुमत के साथ दिल्ली की सत्ता पर काबिज होने का मौका दिया। भारत के संसदीय इतिहास में 1984 के बाद ये पहला ऐसा चुनाव था जब भारतीय जनमानस ने किसी एक पार्टी में पूरा भरोसा जताया। ये चुनाव इसलिए भी महत्वपूर्ण था जब किसी एक शख्स के खिलाफ जमकर विषवमन किया गया। लेकिन देश की जनता ने उनमें पूरा भरोसा जताया और देश की कमान पीएम नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को संभाली। केंद्र सरकार की दो साल की कामयाबियों को आम जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी एक बड़े कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रही है। भाजपा देश के अलग-अलग हिस्सों में 200 कार्यक्रमों के जरिए सरकार की उपलब्धियों का बखान करेगी।
पीएम मोदी की विद्युतीकरण योजना ने ऐसे बदले गांवों के रहन-सहन
सांसदों और विधायकों को निर्देश
पार्टी के सांसदों और विधायकों को 26 मई से एक पखवाडे़ तक आम लोगों के बीच में रहने के निर्देश दिए गए हैं। सांसदों को उनके संसदीय क्षेत्र के प्रत्येक विधानसभा में एक रात और एक दिन गुजारने के लिए कहा गया है। वहीं विधायकों को अपने क्षेत्र में सात रात गुजारने के निर्देश दिए गए हैं।
पार्टी प्रवक्ताओं को खास ट्रेनिंग
पार्टी प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने बताया कि रैलियों, प्रेस कॉन्फ्रेंस और बुद्धिजीवियों के साथ चर्चा में केंद्र सरकार के कल्याणकारी कार्यक्रमों की चर्चा की जाएगी। पीएम मोदी पहले ही पार्टी के साथ सांसदों और विधायकों से कह चुके हैं कि सरकारी योजनाओं को आम जन तक पहुंचाने के लिए जनता के बीच जाना बेहद ही जरूरी है। पार्टी प्रवक्ताओं को और धारदार बनाने के लिए पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह और नितिन गड़करी ट्रेनिंग देंगे।
फसल बीमा के दायरे में लाखों किसान
सोशल मीडिया का सहारा
14 अप्रैल से 24 अप्रैल तक चलाए गए ग्रामोदय से भारत उदय कार्यक्रम को और तेजी से आगे बढा़ने का फैसला किया गया है। सोशल मीडिया के द्वारा सरकार की नीतियों के प्रसार के लिए आइटी सेल के सदस्यों की 22 मई को ट्रेनिंग होगी। पार्टी के मुताबिक जनधन योजना, फसल बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और स्वास्थ्य बीमा योजना के बारे में बड़े पैमाने पर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

