विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वोटर लिस्ट और SIR पर भ्रम दूर करने उतरेगी भाजपा, देशभर में चलाएगी ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान

Published: Fri, 23 Oct 2026 07:18 PM (IST)

भाजपा ने वोट चोरी के आरोपों का खंडन करने और मतदाता सूची की शुद्धता बताने के लिए 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान शुरू किया है।

भाजपा चलाएगी देशव्यापी अभियान

भाजपा चलाएगी देशव्यापी अभियान

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस, सीजेपी और विपक्ष के हमलों के बीच भाजपा ने सच्चाई जनता के सामने लाने के लिए व्यापक जन जागरण अभियान शुरू किया है। पांच नवंबर तक चलने वाले इस अभियान को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ का नाम दिया गया है।

इसके माध्यम से भाजपा जनता तक साफ संदेश पहुंचाने की कोशिश करेगी कि विपक्षी दल और खासकर कांग्रेस अराजकता फैलाकर सत्ता हथियाने की कोशिश कर रही है, जो लोकतंत्र के खिलाफ है।

सूत्रों के अनुसार गुरूवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने देशव्यापी अभियान चलाने का निर्देश जारी कर दिया है। इस संबंध में सर्कुलर जारी कर सभी राज्य इकाइयों को तत्काल सक्रिय होने को कहा गया है। अभियान का जोर एसआईआर पर फैलाये जा रहे भ्रम को दूर कर मतदाता सूची की शुद्धता के बारे में आम जनता को अवगत कराना है।

अभियान के तहत प्रत्येक जिला मुख्यालयों पर पदयात्राएं निकाली जाएंगी, जिनमें प्रत्येक पदयात्रा में 10 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही हर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 200 प्रबुद्ध एवं आमंत्रित नागरिकों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

युवाओं और विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए विश्वविद्यालयों, कालेजों, आइटीआइ और कोचिंग संस्थानों में कार्यक्रम होंगे। राष्ट्रीय स्तर पर 10 लाख से अधिक युवाओं और पेशेवरों तक पहुंचने और जोड़ने का लक्ष्य। साथ ही राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएंगी।

सोशल मीडिया की बढ़ती पहुंच को देखते हुए जागरूकता अभियान में इसे भी शामिल किया गया है। सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर मतदाता सूची, एसआईआर और संवैधानिक प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।

इसके लिए छोटे-छोटे रील्स भी तैयार किये जा रहे है। तमाम कार्यक्रमों में बांटने के लिए पुस्तिका भी तैयार की गई है, जिसमें एसआईआर, मतदाता सूची के शुद्धिकरण की जरूरत और उस पर उठाए जा रहे सवालों के जवाब भी होंगे। इसके साथ ही रक्षा, विज्ञान, बुनियादी ढांचे, प्रौद्योगिकी और जनकल्याण के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।