विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 25, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

BRICS Summit: 'भारत आपका विश्वस्त साझीदार', अफ्रीकी देशों से PM Modi बोले- ग्लोबल साउथ सिर्फ राजनयिक शब्द नहीं

By Sonu GuptaEdited By: Sonu Gupta
Published: Fri, 25 Aug 2023 06:07 AM (IST)

PM Modi in Brics Summit 2023 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को ग्लोबल साउथ के लिए नई दिल्ली की प्रतिबद्धता ...और पढ़ें

प्रधानमंत्री ने भारत-अफ्रीका संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। फोटोः एएनआई।
प्रधानमंत्री ने भारत-अफ्रीका संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। फोटोः एएनआई।

नई दिल्ली, पीटीआई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को ग्लोबल साउथ के लिए नई दिल्ली की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि भारत 'एजेंडा-2063' के तहत वैश्विक शक्ति बनने की अफ्रीका की यात्रा में उसका एक विश्वसनीय और करीबी भागीदार है।

जोहानिसबर्ग में अफ्रीकी महाद्वीप और ब्रिक्स देशों के शीर्ष नेताओं को संबोधित करते हुए मोदी ने आतंकवाद-निरोध, खाद्य एवं ऊर्जा सुरक्षा, लचीली आपूर्ति श्रृंखला, जलवायु कार्रवाई और साइबर सुरक्षा को सामान्य हितों के क्षेत्रों के रूप में चिह्नित किया।

2013 में लागू हुआ था 'एजेंडा-2063'

'एजेंडा-2063' 50 वर्षों के लिए अफ्रीकी यूनियन के आर्थिक विकास का खाका है जो 2013 में लागू हुआ था। ब्रिक्स-अफ्रीका आउटरीच और ब्रिक्स प्लस डायलाग में पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने हमेशा अफ्रीकी देशों में क्षमता निर्माण और बुनियादी ढांचे के विकास को प्राथमिकता दी है।

पूरी दुनिया एक परिवार हमारी जीवनशैली का आधारः पीएम मोदी

लैटिन अमेरिका से मध्य एशिया तक; पश्चिम एशिया से दक्षिण-पूर्व एशिया तक, हिंद-प्रशांत से हिंद-अटलांटिक तक, भारत सभी देशों को एक परिवार के रूप में देखता है। वसुधैव कुटुंबकम हजारों वर्षों से हमारी जीवनशैली का आधार रहा है। जिसका अर्थ है कि पूरी दुनिया एक परिवार है। यह हमारे जी-20 अध्यक्षता का आदर्श वाक्य भी है। प्रधानमंत्री ने कहा

जब हम ग्लोबल साउथ शब्द का उपयोग करते हैं, तो यह सिर्फ एक राजनयिक शब्द नहीं है। हमारे साझा इतिहास में हमने एक साथ उपनिवेशवाद और रंगभेद का विरोध किया है। अफ्रीका की धरती पर ही महात्मा गांधी ने अहिंसा और शांतिपूर्ण प्रतिरोध के शक्तिशाली तरीकों का इस्तेमाल किया था। गांधी जी के विचारों ने नेल्सन मंडेला जैसे महान नेताओं को प्रेरित किया। इतिहास की इस मजबूत नींव पर हम अपने आधुनिक संबंधों को नया आकार दे रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने भारत-अफ्रीका संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा

आज भारत अफ्रीका का चौथा सबसे बड़ा व्यापार भागीदार और पांचवां सबसे बड़ा निवेशक देश है। भारत आतंकवाद और समुद्री डकैती के विरुद्ध लड़ाई में अफ्रीकी देशों के साथ मिलकर काम कर रहा है। कोविड-19 महामारी के कठिन समय में हमने कई देशों को खाद्य सामग्री और टीकों की आपूर्ति की। अब हम अफ्रीकी देशों के साथ कोविड और अन्य टीकों के संयुक्त विनिर्माण पर भी काम कर रहे हैं। भारत को अफ्रीकी देशों के साथ अपने अनुभव और क्षमताओं को साझा करने में खुशी होगी।

पीएम ने जी-20 में अफ्रीकी यूनियन को शामिल करने का किया प्रस्ताव : क्वात्रा

विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने जी-20 में अफ्रीकी यूनियन की स्थायी सदस्यता का मजबूती से प्रस्ताव किया है। उन्होंने इस बारे में जी-20 के नेताओं को पत्र भी लिखा है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो जी-20 जल्द ही जी-21 हो जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।