विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भिलाई स्टील प्लांट में चोरी: अमित शाह ने इस्पात मंत्रालय को भेजा विधायक रिकेश सेन का पत्र, CBI जांच की मांग तेज

Updated: Sun, 23 Aug 2026 02:10 AM (IST)

वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने 20 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की थी।

बीएसपी लोहा चोरी : गृह मंत्री अमित शाह ने इस्पात मंत्रालय को भेजा विधायक का पत्र (फोटो- एक्स)

बीएसपी लोहा चोरी : गृह मंत्री अमित शाह ने इस्पात मंत्रालय को भेजा विधायक का पत्र (फोटो- एक्स)

HighLights

  1. विधायक रिकेश सेन की सीबीआई जांच की मांग केंद्र सरकार तक पहुंची 

  2. इस मामले में अब तक बीएसपी के अधिकारियों सहित 17 लोग गिरफ्तार 

जेएनएन, भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) में सामने आए लोहा चोरी के मामले की सीबीआई जांच की मांग अब केंद्र सरकार तक पहुंच गई है।

वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने 20 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की थी।

गृह मंत्री कार्यालय से विधायक को भेजे गए जवाब में बताया गया है कि उनका पत्र प्राप्त हुआ है और मामला इस्पात मंत्रालय से संबंधित होने के कारण आवश्यक कार्रवाई के लिए उसे मंत्रालय को भेज दिया गया है।

हालांकि, जवाब में सीबीआइ जांच शुरू करने या मामला सीबीआइ को सौंपने का उल्लेख नहीं है।

विधायक रिकेश सेन ने कहा कि केंद्र तक मामला पहुंच चुका है और जल्द ही सीबीआइ जांच शुरू होगी। दावा किया कि जांच में लोहा चोरी से जुड़े कई बड़े सफेदपोश लोगों की भूमिका सामने आएगी और दोषियों को जेल भेजा जाएगा।

मामले का राजफाश 26 मई को हुआ था, जब दुर्ग पुलिस ने अकलोरडीह और हथखोज के गोदामों में कार्रवाई कर करीब 250 टन बीएसपी का लौह स्क्रैप बरामद किया था।

पुलिस के अनुसार फ्लू डस्ट की आड़ में लोहा प्लांट से बाहर निकाला जा रहा था। वाहनों में ऊपर फ्लू डस्ट और नीचे लोहे की प्लेट, बीम व कटिंग मैटेरियल रखा जाता था।

पुलिस ने मामले में बीएसपी के अधिकारियों सहित 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें स्क्रैप कारोबारी और भाजपा नेता भास्कर मुदलियार भी शामिल हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने उन्हें छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया।

बीएसपी सुरक्षा में तैनात सात सीआइएसएफ जवानों के निलंबन के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। विधायक ने प्रधानमंत्री कार्यालय और राष्ट्रपति को भी सीबीआइ जांच के लिए पत्र भेजे हैं।