विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छत्तीसगढ़ के कारोबारी की चंडीगढ़ में होटल में संदिग्ध मौत, साथ आई महिला से पूछताछ

Published: Thu, 22 Oct 2026 02:55 AM (IST)

रायपुर के कारोबारी और आमासिवनी स्थित संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध संचालक दीपक मित्तल (56) की चंडीगढ़ के ...और पढ़ें

छत्तीसगढ़ के कारोबारी की चंडीगढ़ में होटल में संदिग्ध मौत

छत्तीसगढ़ के कारोबारी की चंडीगढ़ में होटल में संदिग्ध मौत

HighLights

  1. मार्कफेड की बैठक में गए रायपुर के कारोबारी दीपक मित्तल 

  2. होटल ताज के कमरे में मिला 56 वर्षीय दीपक मित्तल का शव 

  3. शराब की खाली बोतल और दवाइयां मिलने से बढ़ा संदेह 

जेएनएन, रायपुर। रायपुर के कारोबारी और आमासिवनी स्थित संजय ग्रेन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध संचालक दीपक मित्तल (56) की चंडीगढ़ के होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वे मार्कफेड की बैठक में शामिल होने चंडीगढ़ गए थे।

बुधवार तड़के करीब छह बजे होटल ताज के कमरे में बेसुध मिलने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कमरे से शराब की खाली बोतल और कुछ दवाइयां मिली हैं।

कारोबारी के साथ एक रात पहले होटल में देखी गई महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

दरवाजा खुला देख कमरे में पहुंचा वेटर

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह होटल का एक वेटर कमरे के सामने से गुजर रहा था। दरवाजा खुला होने पर वह अंदर पहुंचा तो दीपक मित्तल बिस्तर पर बेसुध पड़े थे। वेटर ने उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।

इसके बाद होटल प्रबंधन को सूचना दी गई। कर्मचारी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया।

कमरे में मिली शराब की बोतल और दवाइयां

घटना की सूचना पर पुलिस और फारेंसिक टीम ने होटल पहुंचकर जांच की। कमरे से शराब की खाली बोतल और दवाइयां मिलने की जानकारी सामने आई है। प्रारंभिक जांच में नशे के ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का इंतजार कर रही है।

महिला से पूछताछ, सभी पहलुओं की जांच

बताया जा रहा है कि दीपक मित्तल के साथ घटना से एक रात पहले एक महिला होटल आई थी। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कारोबारी की मौत से पहले कमरे में क्या घटनाक्रम हुआ था। पुलिस होटल में आने-जाने वालों की जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।