शहजाद पूनावाला ने बीजेपी से दिया इस्तीफा? एक्स बायो से हटाया पार्टी का नाम
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के पार्टी छोड़ने की अटकलें उनके एक्स बायो बदलने के बाद तेज हो गई हैं, जिसमें अब बीजेपी का जिक्र नहीं है।

शहजाद पूनावाला ने बीजेपी छोड़ने की खबरें

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बीजेपी के चर्चित राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला के पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई हैं। अटकलें लगाईं जा रहीं हैं कि उन्होंने पार्टी की सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। हालांकि, इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गुरुवार को उन्होंने अपने X प्रोफाइल का स्क्रीनशॉट शेयर किया। नए बायो में 'नेशनल स्पोक्सपर्सन, बीजेपी' का पद हटा दिया गया है। नए बायो में लिखा है: धर्म: इस्लाम, संस्कृति: हिंदू, विचारधारा: भारतीय. लेखक: GST की यात्रा. पीएम नरेंद्र मोदी के आजीवन अनुयायी.
इंस्टाग्राम पर अब भी BJP प्रवक्ता
दिलचस्प बात ये है कि शहजाद पूनावाला के इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर उन्हें अभी भी BJP राष्ट्रीय प्रवक्ता के तौर पर दिखाया जा रहा है। X पर भी पहले यही लिखा था। पूनावाला ने पुराने इंटरव्यू के कुछ क्लिप भी रीपोस्ट किए हैं, जिनमें वे एक्टिव पॉलिटिक्स छोड़ने पर विचार करने की बात कर रहे थे। हालांकि उन्होंने BJP या सक्रिय राजनीति छोड़ी है।
कांग्रेस का हाथ छोड़ बीजेपी में आए
शहजाद पूनावाला पेशे से वकील और एक्टिविस्ट हैं। उन्होंने सियासी सफर कांग्रेस से शुरू किया था। दिसंबर 2017 में कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव को धांधली और दिखावा बताने के बाद वे BJP में शामिल हुए थे। 2021 में उन्हें दिल्ली BJP के सोशल मीडिया विंग का इंचार्ज भी बनाया गया था। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP के मुखर समर्थक रहे हैं और टीवी डिबेट में कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखे हमले करते रहे हैं।
अभी तक BJP की तरफ से या शहजाद पूनावाला की तरफ से इस्तीफे को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। X बायो बदलने के बाद सोशल मीडिया पर उनके पार्टी छोड़ने की चर्चाएं तेज हैं, लेकिन इसे अभी अटकल के तौर पर ही देखा जा रहा है।

