गोल्ड मेडलिस्ट अधिकारी के हाथों में दिशा सालियान केस की कमान, जानिए कौन है CBI ऑफिसर सीमा पाहुजा
सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान मौत मामले की जांच अब सीबीआई अधिकारी सीमा पाहुजा करेंगी, जो कई जटिल आपराधिक मामलों को सुलझाने के लिए जानी जाती हैं।

सीबीआई अधिकारी सीमा पाहुजा अब दिशा सालियान मौत मामले की जांच करेंगी (फोटो- सोशल मीडिया)
HighLights
सीबीआई अधिकारी सीमा पाहुजा अब दिशा सालियान मौत मामले की जांच करेंगी।
पाहुजा ने कोलकाता आरजी कर, हाथरस जैसे कई हाई-प्रोफाइल केस सुलझाए हैं।
एफआईआर में आपराधिक साजिश, गैंगरेप और हत्या के सबूत हटाने की गंभीर धाराएं शामिल हैं।
डिजिटल डेस्क, मुंबई। 2020 में एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान मौत मामला अब CBI ऑफिसर सीमा पाहुजा के हाथों में पहुंच गया है। CBI द्वारा FIR दर्ज किए जाने के कुछ दिन बाद, जांच एजेंसी की सीनियर अधिकारी सीमा पहुजा अब इस केस की जांच करेंगी।
ये FIR दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान की शिकायतों के आधार पर दर्ज की गई है। दर्ज FIR में शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और एक्टर डिनो मोरिया समेत कई लोगों के नाम शामिल है।
कोलकाता RG कर और हाथरस रेप केस का हिस्सा रहीं है सीमा पाहुजा
सीमा पाहुजा अभी दिल्ली में CBI हेडक्वार्टर की स्पेशल क्राइम यूनिट में सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस के पद पर तैनात हैं। पाहुजा को जटिल आपराधिक मामलों और फोरेंसिक सबूतों की जांच का खास अनुभव है, जिसमें कई हाई-प्रोफाइल और संवेदनशील मामले शामिल हैं।
पाहुजा 2024 के कोलकाता RG कर अस्पताल रेप और मर्डर केस की जांच करने वाली टीम का हिस्सा थीं। यूपी के हाथरस मामले की जांच टीम में भी पाहुजा ने अहम भूमिका निभाई थी। साथ ही उन्होंने उन्नाव रेप केस की जांच का भी वो हिस्सा रहीं थी।
CBI ने पाहुजा को हिमाचल प्रदेश के चर्चित 'गुड़िया केस' की जांच की जिम्मेदारी भी सौंपी थी। पाहुजा शिमला में एक नाबालिग लड़की के रेप और मर्डर केस की जांच में भी शामिल थीं। 2021 में, पाहुजा को 'बेस्ट इन्वेस्टिगेटिंग ऑफिसर' (सबसे अच्छे जांच अधिकारी) के तौर पर गोल्ड मेडल मिला।
CBI की FIR में हत्या, गैंगरेप के सबूत हटाने की धाराएं शामिल
CBI की तरफ से दर्ज FIR में आपराधिक साजिश, गैंगरेप, हत्या, सबूत मिटाने और दोषियों को बचाने के लिए सरकारी कर्मचारी द्वारा रिकॉर्ड में हेरफेर करने से जुड़ी धाराएं शामिल हैं। हालांकि अभी तक केस में किसी पर भी आरोप नहीं लगाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह मामला हाई कोर्ट के आदेश के बाद दर्ज किया गया था और अब बयान दर्ज करने और जांच करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
अधिकारियों के मुताबिक, जांच का एक अहम हिस्सा उन लोगों के बयान दर्ज करना होगा जो सालियन की मौत से एक रात पहले मुंबई में उनके मंगेतर रोहन रॉय के घर पर हुई पार्टी में मौजूद थे।
सालियान केस में अब तक क्या हुआ?
दिशा सालियान की मौत को पहले 'एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट' के तौर पर दर्ज किया गया था। हालांकि पुलिस ने जांच के बाद दावा किया था कि सालियान ने आत्महत्या की थी, लेकिन उनके पिता ने पिछले साल हाईकोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि उनकी बेटी के साथ गैंगरेप और हत्या की गई थी। इसके बाद, बॉम्बे हाईकोर्ट ने CBI को FIR दर्ज करने और उनकी मौत से जुड़े हालात की जांच करने का निर्देश दिया।
कब और कैसे हुई थी दिशा सालियान की मौत?
दिशा सालियान की मौत 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक रिहायशी इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने से हुई थी। ये घटना बांद्रा स्थित फ्लैट में सुशांत सिंह राजपूत की मौत से कुछ दिन पहले हुई थी।
