विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 11, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के बाद टीडीपी का आंध्र प्रदेश बंद का एलान, पवन कल्याण ने दिया समर्थन

By Jagran NewsEdited By: Abhinav Atrey
Published: Mon, 11 Sep 2023 08:30 AM (IST)

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के बाद राज्य में विरोध-प्रदर्शन तेज हो गया है। तेलुगु ...और पढ़ें

पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के बाद टीडीपी का आंध्र बंद का एलान, (फोटो, एएनआई)
पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के बाद टीडीपी का आंध्र बंद का एलान, (फोटो, एएनआई)

HighLights

  1. 300 करोड़ रुपये के भ्रष्टाचार का है केस
  2. पवन कल्याण का विपक्षी दलों को परेशान करने का आरोप

विजयवाड़ा, ऑनलाइन डेस्क। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी के बाद राज्य में विरोध-प्रदर्शन तेज हो गया है। तेलुगु देशम पार्टी (TDP) ने सरकारी धन के दुरुपयोग मामले में पूर्व मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को आंध्र प्रदेश बंद का आह्वान किया है। वहीं, पवन कल्याण की जन सेना पार्टी (JSP) ने बंद को अपना समर्थन दिया है।

आंध्र प्रदेश राज्य कौशल विकास निगम में कथित भ्रष्टाचार से जुड़े केस में गिरफ्तारी के एक दिन बाद पूर्व सीएम चंद्रबाबू नायडू को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। नायडू की गिरफ्तारी रविवार को हुई थी। एक बयान में आंध्र प्रदेश के टीडीपी अध्यक्ष के अत्चन्नायडू ने पार्टी कार्यकर्ताओं, आम लोगों और नागरिक समाज से आंदोलन में भाग लेने और इसे सफल बनाने का अनुरोध किया।

300 करोड़ रुपये का है घोटाला

विजयवाड़ा की एक स्थानीय कोर्ट ने कथित घोटाले में चंद्रबाबू नायडू को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आंध्र प्रदेश सीआईडी ​​प्रमुख एन संजय ने शनिवार को कहा कि नायडू को कौशल विकास निगम से धन के दुरुपयोग से जुड़े धोखाधड़ी केस में गिरफ्तार किया गया है। यह घोटाला 300 करोड़ रुपये का है।

पवन कल्याण का विपक्षी दलों को परेशान करने का आरोप

जन सेना पार्टी के प्रमुख पवन कल्याण ने आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पर "असामाजिक गतिविधियों" का सहारा लेने का आरोप लगाया। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि राज्य में जगन मोहन सरकार विपक्षी दलों को परेशान कर रही है। एक बयान में, कल्याण ने जेएसपी कार्यकर्ताओं से बंद में शांतिपूर्वक भाग लेने को कहा।

टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद उन्हें राजमुंदरी सेंट्रल जेल ले जाया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री की रिमांड से पहले जेल में भारी पुलिस सुरक्षा तैनात की गई है। बड़ी संख्या में टीडीपी कार्यकर्ता विजयवाड़ा कोर्ट परिसर में एकत्र हुए, जबकि पुलिस अधिकारी टीडीपी प्रमुख को केंद्रीय जेल ले गए। राजमुंदरी पुलिस ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर की सीमा में धारा 144 लागू कर दी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।