स्वतंत्रता दिवस पर CM विजय का बड़ा एलान, 15 सितंबर से सरकार नवजात बच्चों को देगी सोने की अंगूठी; किसे मिलेगा लाभ?
तमिलनाडु के सीएम विजय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस पर चेन्नई में नवजात शिशुओं के लिए 'थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम' की घोषणा की।

सीएम विजय ने नवजात शिशुओं के लिए थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम का किया एलान

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चेन्नई स्थित 376 साल पुराने ऐतिहासिक फोर्ट सेंट जॉर्ज (राज्य सचिवालय) में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। बतौर मुख्यमंत्री अपने पहले स्वतंत्रता दिवस भाषण में उन्होंने बड़ी जन-कल्याणकारी योजना की घोषणा की।
सीएम विजय ने ऐलान किया कि राज्य में नवजात शिशुओं के लिए सोने की अंगूठी उपहार योजना शुरू की जाएगी। लगभग 755.83 करोड़ की अनुमानित लागत वाली यह योजना 15 सितंबर से आधिकारिक तौर पर लागू होगी।
क्या है योजना
तमिलनाडु सरकार की 'थाईमामन थंगा मोथिरम थिट्टम' के तहत सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले प्रत्येक नवजात शिशु को 1 ग्राम की सोने की अंगूठी और एक बेबी वेलकम किट दी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में प्रसव को बढ़ावा देना और माता-शिशु का सम्मान करना है।
1 ग्राम सोने की अंगूठी: सरकारी अस्पताल में जन्म लेने वाले प्रत्येक पात्र नवजात शिशु को 1 ग्राम शुद्ध सोने की अंगूठी मुफ्त दी जाएगी।
बेबी वेलकम किट (Baby Welcome Kit): अंगूठी के साथ-साथ नवजात के लिए एक विशेष किट भी मिलेगी, जिसमें बच्चे के कपड़े, बेबी ऑयल, साबुन, पाउडर, डायपर, नैपकिन, मच्छरदानी और खिलौने जैसे सभी आवश्यक सामान शामिल होंगे
मुख्य शर्तें और पात्रता
- स्थान: माता-पिता तमिलनाडु के स्थायी निवासी होने चाहिए।
- जन्म स्थान: बच्चे का जन्म राज्य के सरकारी अस्पताल में हुआ हो।
- जन्मतिथि: यह योजना 22 जून 2026 या उसके बाद जन्मे सभी पात्र बच्चों पर लागू होगी (भले ही इसकी औपचारिक शुरुआत बाद में हो)।
भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के खिलाफ कड़ा रुख
वहीं स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि भ्रष्टाचार को खत्म करना ही सच्ची आजादी के बराबर है और उनकी सरकार पूरी तरह ईमानदार व पारदर्शी प्रशासन स्थापित करने के लिए काम कर रही है।
सार्वजनिक जीवन और प्रशासनिक स्वच्छता के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का राजस्व किसी निजी व्यक्ति के पास न जाए, इसके लिए कड़े कदम उठाए गए हैं और सभी विभागों में अनियमितताओं पर लगाम कसी जा रही है। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि सरकार के खिलाफ काम करने वाली ताकतों और साजिशों को पूरी तरह नाकाम किया जाएगा।
राज्य के अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध
विजय ने कहा कि उनकी सरकार राज्य के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य के विकास के लिए केंद्र सरकार के साथ पूर्ण प्रशासनिक सहयोग बनाए रखा जाएगा, लेकिन जो नीतियां राज्य के अधिकारों को कमजोर करेंगी, उनका वैचारिक तौर पर पुरजोर विरोध जारी रहेगा।
तीन महीने पूरे होने पर गिनाईं उपलब्धियां
सत्ता में अपनी सरकार के तीन महीने पूरे होने पर मुख्यमंत्री ने उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने बताया कि किसानों के फसल ऋण पूरी तरह माफ कर दिए गए हैं और राज्य में 717 TASMAC शराब की दुकानें बंद कराई जा चुकी हैं।
उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि पूर्ववर्ती सरकारों की जनहितकारी योजनाओं को बिना किसी भेदभाव के जारी रखा गया है, जिसमें जयललिता द्वारा शुरू की गई अम्मा कैंटीन और नाश्ता योजना शामिल हैं।

