प्यार में रोड़ा बन रही मां की हत्या, बेटी ने बॉयफ्रेंड संग घर में ही दफनाई लाश; एक साल बाद खुला राज
हैदराबाद के जवाहरनगर में एक साल से लापता 40 वर्षीय महिला अंजू दासारी का कंकाल उसके बेडरूम में मिला। पुलिस ...और पढ़ें
-1774516300584_m.webp)
HighLights
बेटी और प्रेमी ने मां की हत्या कर शव दफनाया।
हैदराबाद के जवाहरनगर में बेडरूम से मिला कंकाल।
पुलिस ने एक साल बाद हत्याकांड का राज खोला।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। हैदराबाद के जवाहरनगर में पिछले करीब एक साल से लापता 40 वर्षीय महिला का कंकाल उसके बेडरूम में मिला। पुलिस ने बुधवार को इस गुत्थी को सुलझाते हुए महिला की छोटी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों पर आरोप है कि इन्होंने न केवल महिला की हत्या की, बल्कि राज छुपाने के लिए लाश को घर के अंदर ही दफनाकर ऊपर से कंक्रीट की पक्की फर्श बनवा दी।
मृतका की पहचान अंजू दासारी के रूप में हुई है, जो घरों में साफ-सफाई का काम (हाउस मेड) करती थीं। वह अपनी दो बेटियों (20 और 17 वर्ष) के साथ रहती थीं। लगभग एक साल तक किसी को कानों-कान खबर नहीं हुई कि जिस कमरे में वे सो रहे हैं, उसी के नीचे उनकी मां की लाश दफन है।
क्या है पूरा मामला?
इस पूरे मामले की शुरुआत 17 अक्टूबर 2025 को हुई, जब अंजू की बड़ी बेटी रोशनी कुमारी ने पुलिस में अपनी मां की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रोशनी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां 12 मई 2025 को काम पर जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। शुरुआत में पुलिस ने इसे एक सामान्य गुमशुदगी का मामला मानकर जांच शुरू की, लेकिन लंबे समय तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
पुलिस को इस कहानी पर शक तब हुआ जब उन्होंने घर के सदस्यों से दोबारा पूछताछ शुरू की। इस दौरान अंजू की 17 वर्षीय छोटी बेटी के बयानों में बार-बार विरोधाभास नजर आया। वह हर बार कहानी बदल रही थी, जिससे पुलिस का शक गहरा गया।
सीडीआर और प्रेमी की एंट्री ने खोला राज
संदेह के आधार पर पुलिस ने नाबालिग बेटी के कॉल डेटा रिकॉर्ड (CDR) खंगाले। सीडीआर की जांच से पुलिस को 22 वर्षीय ऑटो ड्राइवर मोंटी कुमार सिंह के बारे में पता चला, जो लड़की का प्रेमी था। अंजू को रोशनी और मोंटी के बीच रिश्ते से आपत्ति थी और वह इन दोनों के शादी के खिलाफ थीं।
मलकाजगिरि जोन के पुलिस उपायुक्त (DCP) सीएच श्रीधर ने बताया कि पुख्ता सबूत मिलने के बाद 17 मार्च को मोंटी और नाबालिग लड़की को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
कड़ी पूछताछ के सामने दोनों ज्यादा देर टिक नहीं पाए और उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने मिलकर अंजू दासारी की हत्या की और फिर पकड़े जाने के डर से लाश को बेडरूम में ही गड्ढा खोदकर दबा दिया। सबूत मिटाने के लिए उन्होंने उस जगह पर कंक्रीट डाल दिया ताकि बदबू बाहर न आए और किसी को शक न हो।
बेडरूम से बरामद हुआ कंकाल
आरोपियों के कबूलनामे के बाद बुधवार को पुलिस की टीम फोरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ जवाहरनगर स्थित उनके घर पहुंची। आरोपियों की निशानदेही पर बेडरूम के फर्श को खोदा गया, जहां से अंजू दासारी का सड़ा-गला शव बरामद किया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम और डीएनए टेस्ट के लिए भेज दिया है ताकि कानूनी रूप से पहचान की पुष्टि हो सके।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस हत्याकांड में किसी और ने उनकी मदद की थी।
यह भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश में बड़ा हादसा, बजरी लदे डंपर से टक्कर के बाद बस में लगी आग; 14 लोगों की मौत
